शांति-शांति चिल्ला रहा पाकिस्तान, लेकिन असली इरादा कुछ और; रिपोर्ट ने खोली पोल

लाइव हिन्दुस्तान, तेल अवीव
Follow us on Google News
share

पाकिस्तान शांति-शांति चिल्ला रहा है। लेकिन इसके पीछे मकसद वास्तव में शांति नहीं, बल्कि कुछ और ही है। इजरायल के सी14 मीडिया संस्थान ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है।

शांति-शांति चिल्ला रहा पाकिस्तान, लेकिन असली इरादा कुछ और; रिपोर्ट ने खोली पोल

पाकिस्तान शांति-शांति चिल्ला रहा है। लेकिन इसके पीछे मकसद वास्तव में शांति नहीं, बल्कि कुछ और ही है। इजरायल के सी14 मीडिया संस्थान ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। वह चाहता है कि ईरान और अमेरिका युद्ध के बीच जल्द से जल्द थम जाए। इसकी वजह है पाकिस्तान में बिगड़ते आर्थिक हालात। पाकिस्तान के ऊपर 100 बिलियन डॉलर से अधिक का विदेशी कर्ज है। वहां पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसलिए पाकिस्तान का जोर है कि दोनों देशों के बीच जल्दी से शांति समझौता हो जाए। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने पहले भी दोनों देशों के बीच समझौता कराने की कोशिश की है। हालांकि वह अपनी इस कोशिश में कामयाब नहीं हो पाया है।

किस बात पर सहमति
इस रिपोर्ट के मुताबिक ईरान और पाकिस्तान इस बात पर सहमत हुए हैं कि पाकिस्तान, अमेरिका के साथ उसकी अच्छी डील कराएगा। बदले में, ईरान, पाकिस्तान को कर्ज से उबरने के लिए बड़ी मात्रा में फंड उपलब्ध कराएगा। ताकि उसे कुछ राहत मिल सके। वहीं, दोनों देशों के बीच भविष्य के लिए समझौता होने के आसार हैं। बता दें कि पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री पहले से ईरान में मौजूद हैं। वहीं, आर्मी चीफ आसिम मुनीर के भी तेहरान पहुंचने के आसार जताए जा रहे हैं।

तेहरान पहुंचे हैं पाकिस्तानी गृह मंत्री
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान-अमेरिका शांति वार्ता को बहाल करने के इस्लामाबाद के प्रयासों के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी बुधवार को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों से मुलाकात के लिए तेहरान गए। ‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से अपनी खबर में बताया कि नकवी अमेरिका-ईरान शांति वार्ता पर ईरानी नेताओं से चर्चा करने के लिए तेहरान रवाना हुए हैं। इसके मुताबिक नकवी की यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब इस्लामाबाद वॉशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थता के प्रयासों का नेतृत्व करना जारी रखे हुए है।

ईरान की सरकारी मीडिया ने भी नकवी की तेहरान यात्रा की खबर दी है। ईरान के सरकारी ‘प्रेस टीवी’ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहाकि पाकिस्तान के गृह मंत्री राजधानी तेहरान पहुंच चुके हैं। इस्लामाबाद ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता में मध्यस्थता करने का प्रयास कर रहा है।

नेतन्याहू किस बात पर खफा
इस बीच अमेरिकी मीडिया के हवाले यह जानकारी दी गई है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच ईरान के खिलाफ जारी युद्ध की आगे की रणनीति को लेकर फोन पर काफी तीखी बातचीत हुई। इसकी वजह यह है क्योंकि वाशिंगटन दोबारा सैन्य हमले करने के बजाय समझौते के पक्ष में दिखाई दे रहा है। अमेरिकी मीडिया संस्थान ‘एक्सियोस’ ने बुधवार को अपनी खबर में कहाकि मंगलवार को ट्रंप से बातचीत के बाद नेतन्याहू बेहद खफा थे। खबर में कहा गया कि इजरायली प्रधानमंत्री ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करने तथा उसके महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर शासन को कमजोर करने के लिए दोबारा हमले शुरू करने के पक्ष में हैं।

ट्रंप ने रविवार को कहा था कि उन्होंने मंगलवार के लिए निर्धारित ईरान पर हमले की योजना को टाल दिया है। उन्होंने कहा कि कतर और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई अरब देशों के अनुरोध के बाद यह फैसला लिया गया। ‘एक्सियोस’ की खबर के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच मतभेद कम करने के उद्देश्य से कतर और पाकिस्तान ने अन्य क्षेत्रीय मध्यस्थों के सुझावों के साथ एक संशोधित शांति मसौदा तैयार किया है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।