अब नहीं चलेगा बहाना, वाइट हाउस का पोस्ट; बातचीत बेपटरी होता देख ईरान पर हमले के नए संकेत
युद्धविराम की समयसीमा नजदीक आने के बीच पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान को वार्ता की मेज पर लाने की कूटनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में संपर्क स्थापित करने के प्रयास काफी बढ़ गए हैं।
अमेरिकी प्रशासन के आधिकारिक अकाउंट द वाइट हाउस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक खास पोस्ट किया गया है। इसमें इशारों-इशारों में ईरान पर हमले का संकेत दिया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि अब कोई बहाना नहीं चलेगा और जीत हासिल करने के बाद ही दम लेंगे। दरअसल, अमेरिका ने ईरान को एक तरह का अल्टीमेटम दिया है कि या तो समझौता करो या नतीजे भुगतो। रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस ने यह साफ किया है कि अगर ईरान पीछे नहीं हटता, तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं और सैन्य विकल्प भी खुले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ी हैं। अगर किसी भी पक्ष से एक छोटी सी चूक होती है तो यह तनाव सीधे युद्ध में बदल सकता है। खासकर मध्य पूर्व जैसे संवेदनशील क्षेत्र में, जहां पहले से ही कई देशों की सेनाएं सक्रिय हैं, यह टकराव तेजी से फैल सकता है। वाइट हाउस की यह पोस्ट सीधे हमले की घोषणा नहीं है, लेकिन यह एक स्पष्ट चेतावनी जरूर है। यह संकेत देती है कि अमेरिका स्थिति को गंभीरता से ले रहा है और जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा।
क्या दूसरे दौर की हो पाएगी बातचीत
युद्धविराम की समयसीमा नजदीक आने के बीच पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान को वार्ता की मेज पर लाने की कूटनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में संपर्क स्थापित करने के प्रयास काफी बढ़ गए हैं और 22 अप्रैल को संभावित नए दौर की वार्ता इस्लामाबाद में कराने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पहले की वार्ता विफल रही थी। इसी सिलसिले में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अमेरिकी दूतावास में अमेरिका की चार्ज डी अफेयर्स नैटली बेकर से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने वार्ता की तैयारियों और व्यापक अमेरिका-पाकिस्तान समन्वय पर चर्चा की।
इस बीच, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से फोन पर बातचीत की। आधिकारिक बयान में वार्ता का सीधा उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन यह संपर्क ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान कर रहा है। वार्ता की तैयारी में इस्लामाबाद में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेड जोन और संभावित वार्ता स्थल के आसपास की प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया गया है। चेकपोस्टों पर सैनिक तैनात हैं, पर्यटक स्थलों को बंद कर दिया गया है और होटलों को प्रतिनिधिमंडलों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


