सांप भी मर जाए, लाठी भी न टूटे; US ने चल दी ऐसी चाल: क्या हैं JASSM मिसाइलें, रूस के लिए क्यों बनीं काल

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Ukraine-Russia War: अमेरिका पहले ही F-16 लड़ाकू विमानों की सप्लाई यूक्रेन को कर चुका है। अब JASSM मिसाइल मिल जाने से F-16 लड़ाकू विमानों की क्षमता में न केवल बढ़ोत्तरी हो सकेगी बल्कि यूक्रेनी सेना अपनी भौगोलिक सीमा में रहकर क्रीमिया और अन्य रूसी क्षेत्रों में भारी तबाही मचा सकेगी।

Long-Range JASSM Missile

रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका ने अब ऐसी चाल चली है, जिससे सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे। यानी एक तरह से वह रूस पर अपने हथियारों से घातक हमला भी करवा दे और अपने हथियारों को रूस की भौगोलिक सीमा में इस्तेमाल न करने के यूक्रेन पर लगाए गए प्रतिबंध भी जस के तस रह जाएं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका ने यूक्रेन को लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलें JASSM देने का फैसला किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वॉशिंगटन और कीव इस हथियार के लिए समझौते के करीब हैं। JASSM वो मिसाइलें हैं जो यूक्रेन की सीमा से ही छोड़ी जाएंगी लेकिन रूस के अंदर तक जाकर तबाही मचाएंगी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सेना के पूर्व कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बेन होजेस ने अमेरिका द्वारा यूक्रेन को JASSM मिसाइलें देने के फैसले का स्वागत किया है। होजेस लंबे समय से मांग करते रहे हैं कि कीव को लंबी दूरी की मारक क्षमता वाले हथियार दिए जाएं, ताकि रूस के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर लड़ाई लड़ सके। उन्होंने कहा कि यह काम पहले ही हो जाना चाहिए था। यूक्रेन लगातार अमेरिका समेत तमाम पश्चिमी देशों से लंबी दूरी के हथियारों की सप्लाई करने और इस्तेमाल की इजाजत मांगता रहा है लेकिन अमेरिका इससे कतराता रहा है। अमेरिका को आशंका है कि रूसी क्षेत्रों में पश्चिमी देशों के हथियारों के इस्तेमाल से ना केवल संघर्ष बढ़ने का डर पैदा होगा बल्कि परमाणु हथियारों के इस्तेमाल और विश्वयुद्ध छिड़ने की आशंका भी बलबती होंगीं।

क्या हैं JASSM मिसाइलें?

Joint Air-to-Surface Standoff Missiles (JASSM) यानी संयुक्त हवा से सतह पर मार करने वाली स्टैंडऑफ मिसाइलें, जो F-16 जैसे लड़ाकू विमानों से हवा में ही लॉन्च की जा सकेंगी और सतह पर अपने टारगेट को ध्वस्त कर सकेंगी। ये क्रूज मिसाइलें हैं, जिसकी मारक क्षमता 530 किलोमीटर से 925 किलोमीटर तक हैं। इनमें GPS नेविगेशन सिस्टम लगा होता है, जो टारगेट को साधने में अचूक होती हैं। ये मिसाइलें इन्फ्रारेड होमिंग से भी लैस हैं, जो स्वतंत्र रूप से टारगेट की पहचान कर पाने में भी सक्षम हैं।

इसका वजन 450 किलोग्राम होता है। इसमें 109 किलो विस्फोटक लदा होता है। एक JASSM की कीमत 30 लाख डॉलर है। एक F-16 लड़ाकू विमान दो JASSM मिसाइलें अपने साथ ले जा सकता है। टारगेट करते समय ये मिसाइलें धरती के अंदर 79 फीट तक घुस सकती हैं। इससे दुश्मन के ठिकानों पर कोहराम मच सकता है। यह किसी भी तरह की कंक्रीट से बने किले को भेद सकता है। इस मिसाइल को रडार से डिटेक्ट कर पाना मुश्किल हो सकता है, जिसकी वजह से इसकी मारक क्षमता अचूक है।

यूक्रेन की क्षमता में होगा अभूतपूर्व इजाफा 

अमेरिका पहले ही F-16 लड़ाकू विमानों की सप्लाई यूक्रेन को कर चुका है। अब JASSM मिसाइल मिल जाने से F-16 लड़ाकू विमानों की क्षमता में न केवल बढ़ोत्तरी हो सकेगी बल्कि यूक्रेनी सेना अपनी भौगोलिक सीमा में रहकर क्रीमिया और अन्य रूसी क्षेत्रों में भारी तबाही मचा सकेगी। इन मिसाइलों की उपलब्धता से यूक्रेन की युद्ध क्षमता में इजाफा हो सकेगा और रणनीतिक रूप से रूसी ठिकानों को बिना रूस के अंदर घुसकर नष्ट कर सकेगा। इसके अलावा रूस से किए गए मिसाइल हमलों को हवा में ही नष्ट कर सकेगा।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़क्या हैं JASSM मिसाइलें, जिसे यूक्रेन को देने जा रहा US; रूस के लिए क्यों है काल