क्या है अमेरिका की डेल्टा फोर्स? US की 'खास सेना', जिसने मादुरो को घर से उठाया
अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी राजधानी से उठा लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका की डेल्टा फोर्स ने इस पूरे मिशन का अंजाम दिया है। इसी फोर्स ने 2019 में आईएसआईएस चीफ को मौत के घाट उतारा था।
अमेरिका ने दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला पर हमला करके एक नई जंग की राह खोल दी है। शनिवार रात किए गए इस हमले में अमेरिकी वायुसेना ने राजधानी काराकस पर जमकर बम बरसाए और फिर कथित तौर पर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके देश से उठाकर बाहर ले जाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस खूंखार मिशन को अंजाम देने के लिए ट्रंप ने अपनी खास डेल्टा फोर्स पर भरोसा जाता था। इस फोर्स को इसी तरह के स्पेशल मिशन में लक्ष्य को नष्ट करने या पकड़ने के लिए बनाया गया है।
इस मिशन के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया साइट पर जानकारी देते हुए कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है। उन्होंने लिखा, "संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेता के खिलाफ सफलतापूर्वक एक बड़ा हमला किया है। इसमें अमेरिका की कई एजेंसियां शामिल थी।" हालांकि ट्रंप ने यह खुलासा नहीं किया कि वह कौनसी एजेंसियां थी। उन्होंने पूरी जानकारी के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का ऐलान किया है।
क्या है डेल्टा फोर्स?
अमेरिकी सेना में अपनी एक खास पहचान रखने वाली डेल्टा फोर्स को आधिकारिक तौर पर फर्स्ट स्पेशल फोर्सेज ऑपरेशनल डिटैचमैंट डेल्टा के नाम से जाना जाता है। यह अमेरिका की सबसे स्पेशल यूनिट है। इसका मुख्य काम आतंकवाद रोधी मिशनों को पूरा करने का है। अमेरिका की इस यूनिट ने भी 2019 में खूंखार आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के सरगना अबू बकर अल बगदादी को मौत के घाट उतारा था।
रिपोर्ट के मुताबिक इस यूनिट को अमेरिकी प्रशासन कई कामों में उपयोग लेता है। इसमें डायरेक्ट ऐक्शन, बंधक बचाव मिशन और सीक्रेट मिशन भी शामिल होता है। यह यूनिट अक्सर अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के साथ मिलकर काम करती है।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




