शहबाज नहीं रुकवा पाए अमेरिका-ईरान युद्ध, अब 'ट्रंप कार्ड' निकालने जा रहे US राष्ट्रपति; तेहरान को टेंशन

Apr 12, 2026 03:54 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, वॉशिंगटन
share

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ईरान-अमेरिका युद्ध नहीं रुकवा पाए। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से ईरान के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई की बात कही है। ट्रंप ने यह बात ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता विफल रहने के बाद कही है।

शहबाज नहीं रुकवा पाए अमेरिका-ईरान युद्ध, अब 'ट्रंप कार्ड' निकालने जा रहे US राष्ट्रपति; तेहरान को टेंशन

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ईरान-अमेरिका युद्ध नहीं रुकवा पाए। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से ईरान के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई की बात कही है। ट्रंप ने यह बात ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता विफल रहने के बाद कही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर ‘जस्ट द न्यूज’ वेबसाइट का एक आर्टिकल रीपोस्ट किया। इस आर्टिकल में उन संभावित कदमों की जानकारी दी गई है, जो ईरान-अमेरिका वार्ता विफल रहने के बाद ट्रंप उठा सकते हैं। इसमें कहा गया है कि अगर ईरान अमेरिका के साथ समझौते को स्वीकार करने से इनकार करता है तो ट्रंप फिर से तेहरान पर बमबारी करके उसे पाषाण युग में ले जा सकते हैं। बता दें कि ट्रंप ईरान को पहले ही यह धमकी दे चुके हैं।

क्या-क्या कर सकते हैं
वेबसाइट के आर्टिकल में आगे कहा गया है कि इसके अलावा ट्रंप पहले से ही लड़खड़ाती ईरानी अर्थव्यवस्था को दबाने के लिए अपनी सफल नाकाबंदी रणनीति को दोहरा सकते हैं। इसके अलावा चीन और भारत पर राजनयिक दबाव भी बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत उन्हें ईरान से तेल लेने से मना किया जा सकता है। इस लेख में यह भी बताया गया कि अमेरिकी नेवी होर्मुज पर भी कंट्रोल करने के लिए कदम उठा सकती है। बता दें कि युद्ध शुरू होने के बाद से ही ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर रखा है। इससे पूरी दुनिया में एनर्जी सप्लाई चेन प्रभावित हो गई है।

क्या अमेरिकी नेवी कंट्रोल करेगी होर्मुज
वेबसाइट ने लेक्सिंगटन इंस्टीट्यूट की राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ रेबेका ग्रांट के हवाले से कहा है कि अभी अमेरिकी नौसेना के लिए यह पूरी तरह से आसान होगा। वह बहुत आसानी से यह कंट्रोल कर सकता है कि होर्मुज से क्या आएगा और जाएगा। ग्रांट ने कहाकि मैंने सुना है कि पिछले 24 घंटों में करीब 10 जहाज चले गए हैं। इनमें से एक फिर से झंडा लगाए रूसी टैंकर था। इसके अलावा कार्गो चीन और भारत में गए हैं।

वेंस ने क्या कहा
गौरतलब है कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस स्थानीय समयानुसार सुबह 7:08 बजे इस्लामाबाद से अपने सरकारी विमान से स्वदेश रवाना हो गए। वेंस ने कहा कि ईरान के परमाणु हथियार विकसित करने से अपने कदम पीछे खींचे जाने के बाद उन्होंने पाकिस्तान से रवाना होने का निर्णय किया। वेंस ने कहाकि अमेरिकी पक्ष ने अपना अंतिम और सर्वश्रेष्ठ प्रस्ताव ईरान को दिया था, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया। ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता 21 घंटे तक चली। दोनों देशों ने बातचीत के लिए 8 अप्रैल को दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताई थी।

ईरान ने क्या कहा
वहीं, ईरान के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को कहाकि अमेरिका की ओर से अत्यधिक मांगों के कारण ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में हुई वार्ता रविवार को किसी समझौते के बिना समाप्त हो गई। सरकारी ‘प्रेस टीवी’ ने ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई के हवाले से कहाकि अंततः वार्ता किसी समझौते तक नहीं पहुंच सकी। बकाई ने कहाकि कुछ मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, लेकिन दो-तीन महत्वपूर्ण मामलों पर मतभेद बने रहे। हालांकि बकाई ने हालांकि जोर देते हुए कहा कि कूटनीति कभी समाप्त नहीं होती।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।