और आगे नहीं बढ़ेगा सीजफायर, ट्रंप ने दिए ईरान संग फिर से गनफायर के संकेत; क्या कहा?
ईरान के साथ बातचीत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान आया है। उन्होंने कहाकि अमेरिका इस निगोशिएशन में बहुत ही मजबूत स्थिति में है। साथ ही कहाकि वह सीजफायर अब आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
ईरान के साथ बातचीत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान आया है। उन्होंने कहाकि अमेरिका इस निगोशिएशन में बहुत ही मजबूत स्थिति में है। गौरतलब है कि अमेरिका के विशेष दूत मिडिल ईस्ट में संघर्ष खत्म करने के लिए पाकिस्तान में बातचीत की तैयारी में हैं। ट्रंप ने सीएनबीसी से बातचीत में कहाकि हम एक बढ़िया डील करने वाले हैं। मेरा मानना है कि ईरान के पास कोई च्वॉयस नहीं है। इस दौरान ट्रंप ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह ईरान के साथ संघर्षविराम को बढ़ाने की इच्छुक नहीं है। साथ ही यह भी कहाकि उन्हें इस बातचीत में जो हासिल होने जा रहा है, उसे वह ग्रेट डील कहेंगे।
‘हमारे पास बहुत अधिक समय नहीं’
इस बातचीत में ट्रंप से पूछा गया कि वह सीजफायर को आगे बढ़ाने की मंशा रखते हैं। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट कहाकि मैं ऐसा नहीं करना चाहता हूं। हमारे पास अब बहुत अधिक समय नहीं है। अमेरिका ने भरोसा जताया है कि पाकिस्तान में ईरान के साथ बातचीत अच्छी होगी। वहीं, एक अन्य वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहाकि उनका देश भी इस बातचीत में शामिल होने के बारे में सोच रहा है।
सेना भी आगे बढ़ने को उत्सुक
आखिरी मौके की आगे की शांति वार्ताओं की संभावना अभी भी अनिश्चित होने के साथ, ट्रंप ने कहा कि अगर जल्द ही तेहरान के साथ कोई समझौता नहीं होता है तो अमेरिका ईरान पर अपने हमलों को फिर से शुरू कर देगा। उन्होंने कहाकि मैं उम्मीद करता हूं कि बमबारी होगी। वजह, मुझे लगता है कि इसी सोच के साथ आगे बढ़ना बेहतर है। सेना भी आगे बढ़ने के लिए उत्सुक है।
ईरान से कौन करने आ रहा बात
अगर बातचीत फिर से शुरू होती है तो युद्धविराम की अवधि बढ़ने की संभावना है। वाइट हाउस के अधिकारियों ने कहा है कि वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, लेकिन ईरान ने यह नहीं बताया है कि वह किसे भेजेगा। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने मंगलवार को एक संदेश प्रसारित किया जिसमें कहा गया कि ईरान से कोई प्रतिनिधिमंडल अभी तक इस्लामाबाद नहीं गया है।
बंदरगाहों पर कर रखी है नाकाबंदी
गौरतलब है कि अमेरिका ने तेहरान पर दबाव बनाने के लिए ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी है, ताकि वह होर्मुज पर उसका एकाधिकार समाप्त करे। यह एक महत्वपूर्ण समुद्री परिवहन मार्ग है, जिसके जरिए युद्ध से पहले विश्व की 20 प्रतिशत प्राकृतिक गैस और कच्चे तेल का परिवहन होता था। युद्ध शुरू होने से पहले, होर्मुज अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए पूरी तरह से खुला था। ट्रंप ने मांग की है कि जहाजों को फिर से जलमार्ग से बिना किसी अवरोध के गुजरने की अनुमति दी जाए।
ऊर्जा एजेंसी की भी बैठक
इस बीच, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यूरोपीय संघ के परिवहन मंत्री मंगलवार को ब्रसेल्स में बैठक कर रहे हैं। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के प्रमुख ने आगाह किया है कि यूरोप के पास जेट ईंधन का भंडार शायद छह हफ्तों के लिए ही बचा है।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


