हम मुसलमान, इजरायल से नहीं नाता; लाल सागर में हौथी के हमलों से बचने को जहाज भेज रहे मैसेज
ईरान समर्थित हौथियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह हमले गाजा में फिलिस्तीनियों के समर्थन में किए जा रहे हैं। संगठन के प्रमुख अब्दुल मलिक अल-हौथी ने कहा है कि जो भी कंपनी इजरायल से जुड़ी होगी, उसे नष्ट कर दिया जाएगा।

लाल सागर में हौथी विद्रोहियों के हमलों से बचने के लिए अब जहाजों ने एक नई रणनीति अपनानी शुरू कर दी है। अब कई वाणिज्यिक पोत अपनी ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) प्रोफाइल में यह बताना शुरू कर चुके हैं कि उनके चालक दल (क्रू) के सदस्य मुस्लिम हैं। कुछ जहाज यहां तक दावा कर रहे हैं कि उनके पास हथियारबंद गार्ड हैं या उनका इजरायल से कोई संबंध नहीं है।
समुद्री निगरानी से जुड़ी संस्थाएं मरीन ट्रैफिक और एलएसईजी के मुताबिक, बीते हफ्ते कई जहाजों ने अपने AIS ट्रैकिंग सिस्टम में संदेश जोड़ना शुरू किया है जैसे कि All Muslim Crew on Board, No Ties to Israel, Chinese Crew and Management और Armed Guards Onboard। इन घोषणाओं का उद्देश्य हौथी विद्रोहियों की सूची से खुद को बाहर रखना है, जो पिछले कुछ महीनों से इजरायल से किसी भी प्रकार के संबंध वाले जहाजों को निशाना बना रहे हैं।
दो और जहाज डुबाए, खतरे की नई लहर
हौथी विद्रोहियों ने इस हफ्ते ही दो कॉमर्शियल जहाजों को डुबो दिया है। नवंबर 2023 से अब तक उनकी ओर से दर्जनों हमले किए जा चुके हैं, जिससे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग रेड सी और बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य से गुजरने वाला व्यापारिक यातायात भारी मात्रा में घट गया है।
ईरान समर्थित हौथियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह हमले गाजा में फिलिस्तीनियों के समर्थन में किए जा रहे हैं। संगठन के प्रमुख अब्दुल मलिक अल-हौथी ने कहा है कि जो भी कंपनी इजरायल से जुड़ी होगी, उसे नष्ट कर दिया जाएगा। हालांकि कई जहाज इजरायल से कोई संबंध न होने की घोषणा कर रहे हैं, फिर भी हमले नहीं थमे हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, मार्च 2024 में चीन के स्वामित्व वाले टैंकर 'Huang Pu' पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया था।
रूस और चीन के जहाज भी बने निशाना
हौथियों के हमलों में रूसी व्यापार से जुड़े पोतों को भी निशाना बनाया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि हमले केवल इजरायल तक सीमित नहीं हैं। एक खुफिया स्रोत ने बताया कि जिन दो जहाजों को इस सप्ताह डुबोया गया, वे पिछले एक साल में इजरायली बंदरगाहों पर रुके थे।
बीमा प्रीमियम दोगुना, जोखिम की चेतावनी
प्रमुख बीमा कंपनी Aon के अनुसार, रेड सी और बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य अभी भी उच्च जोखिम वाले क्षेत्र माने जा रहे हैं, भले ही हौथियों ने कभी-कभार अस्थायी संघर्षविराम की घोषणा की हो। Aon ने जहाज संचालकों को चुस्त और लचीली सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी है। हालिया हमलों के कारण समुद्री बीमा की दरें दोगुनी हो गई हैं, जबकि कुछ बीमाकर्ताओं ने कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से बीमा कवर बंद कर दिया है।
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


