टेबल के नीचे छिपे ट्रंप, मेलानिया भी डर गईं; सीक्रेट सर्विस ने कैसे बचाई जान- देखें VIDEO

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सुरक्षा एजेंसियां हमलावर से पूछताछ कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह सुरक्षा घेरा तोड़कर हथियार के साथ भीतर कैसे दाखिल हुआ। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टेबल के नीचे छिपे ट्रंप, मेलानिया भी डर गईं; सीक्रेट सर्विस ने कैसे बचाई जान- देखें VIDEO

Attack on Donald Trump: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में शनिवार रात आयोजित वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान फायरिंग हुई। इस घटना के बाद वहां अफरातफरी की स्थिति मच गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी में एक हमलावर ने गोलियां चला दी। इस घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही कि इस हमले में राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।

वाशिंगटन हिल्टन होटल के बॉलरूम में जब यह वार्षिक कार्यक्रम शुरू ही हुआ था, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेहमानों को वसंतकालीन सलाद परोसा जा चुका था और वेटर अगले कोर्स की तैयारी कर रहे थे, तभी सुरक्षाकर्मी चिल्लाते हुए हॉल के भीतर दाखिल हुए और सभी को नीचे झुकने का निर्देश दिया।

हॉल में मौजूद पत्रकारों, मशहूर हस्तियों और राजनेताओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। सफेद कोट और गाउन पहने मेहमान अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए। इस भगदड़ के दौरान मेजों पर रखी वाइन और गिलास गिर गए। सुरक्षा अधिकारियों ने चिल्लाते हुए कहा, "रास्ते से हट जाइए सर!" और “नीचे झुकें!”

सीक्रेट सर्विस के एजेंट को जैसे ही जानकारी मिली की वह कार्यक्रम के मुख्य मंच पर पहुंचे। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मंच पर मौजूद थी और एक सत्र प्रगति पर था। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत अलर्ट किया। इसके बाद ट्रंप और उनकी पत्नी को लेकर वहां से बाहर निकल गए।

ट्रंप ने दी शूटर के पकड़े जाने की जानकारी

इस घटना के लगभग 30 मिनट बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट के जरिए स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावर को पकड़ लिया है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि वे और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, एक शूटर ने कार्यक्रम स्थल पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद सुरक्षा घेरा तुरंत सक्रिय हो गया। होटल के भीतर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और नेशनल गार्ड के जवानों को तैनात कर दिया गया है।

होटल के भीतर कैसा था माहौल?

वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के आयोजकों ने बताया कि फिलहाल अधिकांश मेहमानों को बॉलरूम के भीतर ही रहने को कहा गया है और वहां से किसी को बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। मंच से घोषणा की गई कि स्थिति नियंत्रण में आने के बाद कार्यक्रम को फिर से शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

हिल्टन होटल के बाहर का नजारा भी काफी तनावपूर्ण रहा। वाइट हाउस से महज एक ब्लॉक की दूरी पर स्थित रेनविक म्यूजियम की ओर जा रहे लोगों को पुलिस ने रोक दिया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। आसमान में हेलिकॉप्टर मंडरा रहे थे और पुलिस की सायरन बजती गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती नजर आईं।

गौरतलब है कि वाशिंगटन हिल्टन होटल में सुरक्षा का ध्यान मुख्य रूप से बॉलरूम पर ही केंद्रित रहता है, जबकि होटल का बाकी हिस्सा आम मेहमानों के लिए खुला रहता है। पहले भी सुरक्षा में चूक और प्रदर्शनों के कारण इस व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों का बयान

कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने 5 से 8 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी। अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने होटल के भीतर से एक वीडियो साझा करते हुए कहा, "गोलियों की आवाज के बाद मुझे बॉलरूम से बाहर ले जाया गया है। अब सीक्रेट सर्विस ने इस पूरी इमारत और होटल का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है।" पिरो ने आगे जानकारी दी कि वाशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोउजर और पुलिस प्रमुख जेफरी कैरोल भी मौके पर पहुंच रहे हैं।

फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां हमलावर से पूछताछ कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह सुरक्षा घेरा तोड़कर हथियार के साथ भीतर कैसे दाखिल हुआ। इस घटना ने एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़टेबल के नीचे छिपे ट्रंप, मेलानिया भी डर गईं; सीक्रेट सर्विस ने कैसे बचाई जान