गोली चले या बम फटे, ऑरस सीनेट को कुछ नहीं होगा; बेहद सुरक्षित कार से चलते हैं व्लादिमीर पुतिन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सुरक्षा के मामले में ऑरस सीनेट को राष्ट्रपति के काफिले की जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है। इसकी मोटी सुरक्षा परत इसे गोली और धमाके से बचाने में मदद करती है। कार में आगे चल रही गाड़ी के हिसाब से रफ्तार संभालने वाली व्यवस्था है।

Vladimir Putin Aurus Senat car Bulletproof Blast-Resistant Limousine On Delhi Roads
व्लादिमीर पुतिन अपनी ऑरस सीनेट कार से निकलते हुए।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी बेहद सेफ कार भी दिल्ली पहुंची है। पुतिन 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए हैं। उनके काफिले में कई गाड़ियां हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनकी खास कार ऑरस सीनेट की हो रही है। यह कार गोली और धमाके के असर से बचाने के लिए बनाई गई है। पुतिन विदेश दौरे पर भी अपनी यही कार साथ लेकर चलते हैं। यह दुनिया की सबसे सुरक्षित सरकारी कारों में गिनी जाती है। पिछले साल चीन में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पुतिन के साथ इसी कार में बैठे थे।

राष्ट्रपति पुतिन के काफिले में आम तौर पर करीब 24 गाड़ियां होती हैं। विदेश यात्रा के दौरान ऑरस सीनेट को खास सुरक्षा के साथ ले जाया जाता है। इसे ‘पहियों पर किला’ भी कहा जाता है। यह बड़ी और आलीशान कार है, जिसे रूस की ऑरस मोटर्स ने बनाया है। इसे बनाने रूस का रिसर्च इंस्टीट्यूट NAMI, सोलर्स कंपनी और संयुक्त अरब अमीरात की तवाजुन होल्डिंग शामिल हैं। इस कार को साल 2018 में पेश किया गया था। यह रूस के ‘कोर्तेज’ कार्यक्रम का हिस्सा है। इसम का मकसद सरकारी इस्तेमाल के लिए देश में ही आलीशान और बख्तरबंद गाड़ियां तैयार करना था। इसका डिजाइन सोवियत दौर की ZIS-110 कार से प्रेरित है।

ऑरस सीनेट कार की खासियतें जानिए

रूस इस कार का आम लोगों के लिए भी एक वैरिएंट बनाता है, लेकिन इसका उत्पादन बहुत कम होता है। हर साल इसकी सिर्फ 120 गाड़ियां बनाने की सीमा है। इसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुतिन की कार में 4.4 लीटर का ट्विन-टर्बो वी8 इंजन लगा है। इसके साथ हाइब्रिड व्यवस्था भी है। यह करीब 598 हॉर्सपावर की ताकत और 880 न्यूटन मीटर का टॉर्क देती है। इसमें 9 गियर वाला ऑटोमैटिक सिस्टम है। कार की लंबाई 5,630 मिलीमीटर, चौड़ाई 2,000 मिलीमीटर और ऊंचाई 1,700 मिलीमीटर है। इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह करीब 9 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

सुरक्षा के मामले में ऑरस सीनेट को राष्ट्रपति के काफिले की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। इसकी मोटी सुरक्षा परत इसे गोली और धमाके से बचाने में मदद करती है। कार में आगे चल रही गाड़ी के हिसाब से रफ्तार संभालने वाली व्यवस्था, लेन से बाहर जाने की चेतावनी, पकड़ बनाए रखने वाली इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था और बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है। इसके अंदर का हिस्सा भी बेहद आलीशान है। इसमें महंगे चमड़े की सीटें, लकड़ी की सजावट और आधुनिक मनोरंजन व्यवस्था है। कार को बहुत ज्यादा ठंड या गर्मी जैसे कठिन मौसम में भी चलने के लिए तैयार किया गया है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़गोली चले या बम फटे, ऑरस सीनेट को कुछ नहीं होगा; बेहद सेफ कार से चलते हैं पुतिन