'गंभीर हालत' की खबरों के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का वीडियो वायरल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई की गंभीर हालत की चर्चा के बीच उनका एक वीडियो वायरल हुआ है। ईरानी न्यूज एजेंसी की तरफ से पोस्ट किए गए इस वीडियो में मोजतबा सही सलामत नजर आ रहे हैं। हालांकि, उनका यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है।

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध भले ही थम गया हो लेकिन ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में उनकी सेहत को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। लेकिन इसी बीच ईरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी ने ईरानी सुप्रीम लीडर का एक नया वीडियो पोस्ट किया है। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है इसको लेकर कई जानकारी सामने नहीं आई है। लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

मेहर न्यूज एजेंसी की तरफ से पोस्ट किए गए इस वीडियो में मोजबता सही सलामत बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें उनके साथ ही कुछ और लोग भी हैं, जिनसे वह बातें तर रहे हैं। वहां मौजूद लोग ध्यान से उनकी बातों को सुन भी रहे हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब लगातार दावा किया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है। हाल ही में जेरुशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट में ईरानी सूत्र के हवाले से कहा गया था कि खामेनेई की हालत गंभीर है। सूत्र ने कहा, “अगर हमें जल्द ही उनके शहीद होने की खबर सुनने को मिलती है, तो हमें कोई हैरानी नहीं होगी।"

वहीं, ईरान वायर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के बड़े अधिकारियों के अलावा किसी को इस बात की जानकारी नहीं है कि उनके सुप्रीम लीडर कहा हैं। ऐसे में इस्लामिक देश के उच्च अधिकारियों के बीच में भी इस बात की चर्चा तेज हो रही है कि शायद सुप्रीम लीडर को लेकर फैल रही अफवाहें केवल अफवाहें नहीं है।

क्या पुराना है वीडियो?

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और कई अकाउंट्स ने इसे शेयर किया। इनमें से कई लोगों का दावा था कि यह मोजतबा का पुराना वीडियो है, जिसे ईरान के सरकारी मीडिया ने उनकी सेहत के बारे में लोगों को "गुमराह" करने के लिए शेयर किया था।

'यूनाइटेड अगेंस्ट न्यूक्लियर ईरान' (UANI) संगठन के पॉलिसी डायरेक्टर जेसन ब्रोड्स्की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा, “यह फुटेज पुराना है, युद्ध से पहले का है। यह सबसे पहले मार्च में सामने आया था। इससे पता चलता है कि ईरान की सरकार के मेहर न्यूज को मोजतबा का पुराना वीडियो फैलाने की जरूरत महसूस हो रही है।”

बता दें, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर मिलकर किए गए हमले में, तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई और उनके साथ मौजूद परिवार के सदस्यों और सैनिकों की मौत हो गई थी। इसके बाद शुरु हुए ईरान युद्ध में हजारों लोगों की जान जा चुकी है। कुछ हफ्तों के बाद खामेनेई के बेटे मोजतबा को ईरान का नया सुप्रीम लीडर घोषित कर दिया गया। हालांकि, वह इसके बाद भी कभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए।

ईरान में भी फैल रही अफवाह

ईरान के बाकी नेता लगातार अपनी जनता को संबोधित करते रहे। लेकिन खामेनेई सामने नहीं आए। जुलाई के पहले हफ्ते में अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान जब दुनियाभर से लोग वहां पर मौजूद थे। उस वक्त भी मोजतबा सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। इसके बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई कि उनकी हालत गंभीर है।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा जाता है कि मोजतबा 28 फरवरी को हुए हमले में ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसमें उनका चेहरा भी बुरी तरह से जख्मी हो गया था।

मोजतबा को लेकर ईरान का क्या पक्ष- ईरान की तरफ से मोजतबा खामेनेई की सार्वजनिक उपस्थिति को शुरुआत से ही सुरक्षा की चिंता को देखते हुए खारिज किया जा रहा है। ईरानी न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक मोजतबा खुद को निशाना बनाने से बचने के लिए सार्वजनिक तौर पर नहीं दिख रहे हैं। वह लगातार सीनियर अधिकारियों के संपर्क में हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़'गंभीर हालत' की खबरों के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा का वीडियो वायरल