Hindi Newsविदेश न्यूज़Venezuelan attack was not a sudden Donald Trump revealed a long-term plan behind the operation
अचानक नहीं हुआ वेनेजुएला पर हमला, डोनाल्ड ट्रंप ने बताई अभियान के पीछे की लंबी योजना

अचानक नहीं हुआ वेनेजुएला पर हमला, डोनाल्ड ट्रंप ने बताई अभियान के पीछे की लंबी योजना

संक्षेप:

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला पर की गई सफल स्ट्राइक लंबी और अच्छी योजना का परिणाम थी। ट्रंप ने ऐलान किया था कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति को पकड़ लिया गया है। वहीं उपराष्ट्रपति ने अमेरिका से उनके जीवित होने के सबूत मांगे हैं।

Jan 03, 2026 04:46 pm ISTAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अमेरिका ने ड्रग्स के बहाने देर रात वेनेजुएला पर हमला कर दिया और पत्नी सहित राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया। सोशल मीडिया ने कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर इस ऑपरेशन का ऐलान कर दिया। न्यूयॉर्क टाइम्स से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला पर बड़ी ही लंबी प्लानिंग के बाद हमला किया गया था और इसीलिए हम राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा, यह बहुत ही अच्छा ऑपरेशन था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

क्रिसमस पर ही हमला करने वाला था अमेरिका

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अमेरिकी सेना क्रिसमस पर ही वेनेजुएला पर हमला करने वाली थी। हालांकि नाइजीरिया में आईएसआईएस के ठिकानों पर भी एयरस्ट्राइक जरूरी थी। ऐसे में उसे प्राथमिकता दी गई और वेनेजुएला वाला प्लान बदल दिया गया। क्रिसमस पर मौसम भी खराब था, यह भी अभियान टालने की एक वजह बना। सैन्य अधिकारियों का कहना था कि स्ट्राइक के दौरान खराब मौसम का रिस्क लेना ठीक नहीं है।

राष्ट्रपति मादुरो के जीवित होने के सबूत मांग रहे उपराष्ट्रपति

इस हमले और राष्ट्रपति मादुरो के गायब होने के बाद उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने कहा है कि मादुरो और उनकी पत्नी के बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिल रही है। अमेरिका को उनके जीवित होने के सबूत देने चाहिए। सबसे पहले वेनेजुएला की राजनाधानी काराकस में कम ऊंचाई पर उड़ते हुए विमानों की आवाज सुनी गई थी। इसके बाद देर रात दो बजे (स्थानीय समयानुसार) ने बताया कि कई राज्यों के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है। वेनेजुएला ने इसे साम्राज्यवादी हमला बताते हुए लोगों से सड़क पर उतरने की अपील की।

अभी यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि देश का शासन किसके हाथ में है और मादुरो कहां हैं इस बारे में भी तुरंत जानकारी नहीं मिली है। ट्रंप ने 4:30 बजे (ईस्टर्न टाइम) के बाद ‘ट्रुथ सोशल’ पर इन घटनाक्रमों की घोषणा की ट्रंप ने कहा, ‘मदुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर देश से बाहर भेज दिया गया है। यह अभियान अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से चलाया गया। विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।’’

हमले के बाद दिखाई दिया धुआं

काराकस में एक सैन्य अड्डे से धुआं उठता देखा गया। राजधानी के एक अन्य सैन्य प्रतिष्ठान में बिजली गुल रही। विभिन्न इलाकों में लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि इस हमले में कोई हताहत हुआ है या नहीं। यह हमला 30 मिनट से भी कम समय तक चला, लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि आगे और भी कार्रवाई होगी या नहीं। हालांकि ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि हमले ‘सफलतापूर्वक’ अंजाम दिए गए।

विस्फोटों से पहले लगातार सैन्य गतिविधि के कारण अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन ने वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में अमेरिकी वाणिज्यिक उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप प्रशासन ने मादुरो पर दबाव बढ़ाया है। ट्रंप ने मादुरो पर अमेरिका में नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकवाद का सहारा लेने का आरोप लगाया है। पिछले हफ्ते वेनेजुएला के मादक पदार्थ गिरोहों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक ‘डॉकिंग’ (बंदरगाह) क्षेत्र पर अमेरिका खुफिया एजेंसी सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) ने ड्रोन हमला किया था। सितंबर में अमेरिका द्वारा हमले शुरू किए जाने के बाद से वेनेजुएला की धरती पर यह पहला ज्ञात प्रत्यक्ष अभियान था।

ट्रंप महीनों से धमकी दे रहे थे कि मादक पदार्थ ले जाने वाली नौकाओं पर हमला करने के बाद वह जल्द वेनेजुएला की धरती पर स्थित इस तरह के (मादक पदार्थ) ठिकानों पर हमले का आदेश दे सकते हैं। मादुरो ने अमेरिकी सैन्य अभियानों की निंदा करते हुए उन्हें सत्ता से बेदखल करने का एक छिपा हुआ प्रयास बताया है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन से जब इस मामले में टिप्पणी करने का अनुरोध किया गया तो उसने यह अनुरोध ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) से करने को कहा। ‘व्हाइट हाउस’ ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

इस बीच, अमेरिकी संघीय विमानन प्राधिकरण (एफएए) ने जारी सैन्य गतिविधि का हवाला देते हुए काराकस में विस्फोटों से पहले वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में अमेरिकी वाणिज्यिक उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया। एक कार्यालय में काम करने वाली 21 वर्षीय कारमेन हिडाल्गो ने कांपती आवाज में कहा, ‘पूरी जमीन हिल गई। यह बहुत भयानक है। हमने विस्फोटों और विमानों की आवाज सुनी।’

वेनेजुएला की सरकार ने लोगों का सड़क पर उतरना का आह्वान किया

सरकार ने एक बयान जारी कर अपने समर्थकों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। बयान में कहा गया, ‘लोग सड़कों पर उतरें! बोलिवेरियन सरकार देश की सभी सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से आह्वान करती है कि वे लामबंदी योजनाओं को सक्रिय करें और इस साम्राज्यवादी हमले का विरोध करें।’ बयान में कहा गया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सभी राष्ट्रीय रक्षा योजनाएं लागू करने के निर्देश दिए हैं और बाहरी व्यवधान की स्थिति घोषित की है।

शुक्रवार को वेनेजुएला ने कहा था कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते पर बातचीत के लिए तैयार है।वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने पहले से रिकॉर्ड किए गए और बृहस्पतिवार को प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला में सरकार बदलने के लिए दबाव बनाना और उसके विशाल तेल भंडार तक पहुंच हासिल करना चाहता है। उन्होंने कहा था कि दबाव बनाने का यह अभियान अगस्त में कैरिबियाई सागर में बड़े पैमाने पर अमेरिकी सैन्य तैनाती के साथ शुरू हुआ था और कई महीनों से जारी है। (एपी से इनपुट्स के साथ)

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha
अंकित ओझा पिछले 8 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अंकित ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक के बाद IIMC नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया है। इसके बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डेस्क पर कार्य करने का उनके पास अनुभव है। इसके अलावा बिजनेस और अन्य क्षेत्रों की भी समझ रखते हैं। हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही पंजाबी और उर्दू का भी ज्ञान है। डिजिटल के साथ ही रेडियो और टीवी के लिए भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।