वेनेजुएला से आ रही है तेल की बहुत बड़ी खेप,2 मिलीयन बैरल वाले सुपरटैंकर भारतीय तटों की ओर

Feb 25, 2026 01:21 pm ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

इस साल जनवरी में वेनेजुएला का तेल निर्यात लगभग 800,000 बैरल प्रति दिन तक बढ़ गया है, जो दिसंबर में लगभग 500,000 बैरल था। स्टोरेज में रखे कई मिलियन बैरल तेल बिकने का इंतजार कर रहे हैं, जिसे भारत के रिफाइनर खरीद सकते हैं।

वेनेजुएला से आ रही है तेल की बहुत बड़ी खेप,2 मिलीयन बैरल वाले सुपरटैंकर भारतीय तटों की ओर

अमेरिका ने इस साल की शुरुआत में तेल संपन्न देश वेनेजुएला पर हमला कर और यहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर पूरी दुनिया को चौंका दिया था। अब अमेरिका के इस कदम से वैश्विक तेल बाजार के समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। इस बीच अब यह खबर सामने आई है कि वेनेजुएला कच्चे तेल की एक बड़ी खेप भारत भेज रहा है।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2 मिलीयन बैरल तक तेल ले जाने वाले सुपर-टैंकर भारतीय तटों की ओर बढ़ रहे हैं। यह खबर ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में हस्तक्षेप और सप्लाई डील के बाद वेनेजुएला के तेल निर्यात में लगातार बढ़ोतरी हुई है और भारत के लिए ट्रेड फ्लो में तेजी दिख रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वेनेजुएला के कुछ ट्रेडिंग हाउस और खरीदारों ने VLCC (सुपर लार्ज क्रूड कैरियर्स) को किराए पर लिया है, जो इस साल मार्च में लोडिंग स्लॉट के लिए जोस टर्मिनल पर तैयार हैं और जल्द ही भारत के लिए रवाना होंगे। इन विशाल जहाजों से माल ढुलाई का खर्च कम होगा और डिलीवरी की रफ्तार भी तेज होने की उम्मीद है।

भारतीय तेल रिफाइनर उठा रहे लाभ

बता दें कि VLCC जहाजों की क्षमता साधारण टैंकरों की तुलना में लगभग दोगुनी होती है, जिससे वेनेजुएला के तेल को भारत तक पहुंचाना अधिक किफायती होगा। जानकारी के मुताबिक भारत के तेल रिफाइनर इस बदलाव का लाभ उठा रहे हैं। रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई है कि अमेरिका की बड़ी कंपनी Chevron ने दिसंबर 2023 के बाद से पहला वेनेजुएला का क्रूड कार्गो रिलायंस इंडस्ट्रीज को बेचा है और रिलायंस ने विटोल से 2 मिलीयन बैरल का एक और कार्गो भी खरीदा है। भारतीय रिफाइनर इंडियन ऑयल कॉर्प, भारत पेट्रोलियम और HPCL एनर्जी ने भी वेनेज़ुएला का तेल खरीदा है।

अमेरिका ने लगाए प्रतिबंध

इससे पहले 2019 में अमेरिका के प्रतिबंधों की वजह से वेनेजुएला से तेल की सप्लाई रुक गई थी। हालांकि अब पाबंदियां ढीली होने से व्यापार फिर से शुरू हुआ है। इस साल जनवरी में वेनेजुएला का तेल निर्यात लगभग 800,000 बैरल प्रति दिन तक बढ़ गया है, जो दिसंबर में लगभग 500,000 बैरल था। स्टोरेज में रखे कई मिलियन बैरल तेल बिकने का इंतजार कर रहे हैं, जिसे भारत के रिफाइनर खरीद सकते हैं।

ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता

इससे पहले भारत ने रूस और वेनेजुएला से तेल खरीद को लेकर चल रही तमाम अटकलबाजियों के बीच बीते दिनों यह स्पष्ट किया था कि देशवासियों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाजार परिस्थितियों तथा बदलते अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों को ध्यान में रखकर ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाना उसकी रणनीति का हिस्सा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में रूस और वेनेजुएला से तेल की खरीद के संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत के पहले के रूख में कोई बदलाव नहीं आया है और वह अपने लोगों के हित में पहले की तरह की कदम उठाता रहेगा।

विकल्प खुला रख रहा है भारत

वहीं वेनेज़ुएला के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह देश ऊर्जा क्षेत्र में लंबे समय से भारत का साझेदार रहा है। उन्होंने कहा," हम 2019-20 तक वेनेज़ुएला से ऊर्जा और कच्चा तेल आयात कर रहे थे, जिसके बाद हमें इसे रोकना पड़ा। इसके बाद 2023-24 में हमने फिर से वेनेजुएला से तेल खरीदना शुरू किया, लेकिन प्रतिबंध दोबारा लगाए जाने के बाद हमें इसे फिर से रोकना पड़ा। " प्रवक्ता ने कहा था कि ऊर्जा सुरक्षा के प्रति हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप, भारत ने वेनेजुएला सहित कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाले किसी भी नए पक्ष पर विचार करने के लिए विकल्प खुला रखा है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।