Venezuela Earthquake LIVE: भूकंप से अब तक दर्जनों मरे, लाखों बेघर; पूरे इलाके हो गए जमींदोज

लाइव हिन्दुस्तान, कराकास
Follow us on Google News
share

Venezuela Earthquake Live Updates: वेनेजुएला में भयावह मंजर है। अस्पतालों में घायलों की लंबी कतार है। सरकार ने सभी डॉक्टर और नर्सों की छुट्टियां रद्द करके ड्यूटी पर बुलाया! देश के सभी स्कूल कॉलेज बंद

Venezuela Earthquake 25th june 2026

Venezuela Earthquake: लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला एक मुश्किल दौर से गुजर रहा है। एक के बाद एक आए दो विनाशकारी भूकंपों ने पूरे देश को दहला दिया है। इसे हादसे को वैज्ञानिक 'डबल सिस्मिक इवेंट' कह रहे हैं। पहला झटका 7.1 और इसके ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का महाभूकंप आया। वेनेजुएला के इतिहास में पिछले 126 वर्षों का यह सबसे शक्तिशाली और भीषण भूकंप है जिसने काराकास सहित कई बड़े शहरों में तबाही के खौफनाक मंजर पैदा कर दिए हैं। काराकास वेनेजुएला की राजधानी है।

अमेरिकी जांच एजेंसी USGS ने आशंका जताई है कि इस भीषण आपदा में 10,000 से लेकर 1 लाख तक लोग अपनी जान गंवा सकते हैं। इसकी वजह से वेनेजुएला ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। राजधानी काराकास की चकाओ और अल्तामिरा जैसे रिहायशी इलाकों में कई बहुमंजिला इमारतें ताश के पत्तों की तरह जमींदोज हो चुकी हैं। देश का सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद बंद कर दिया गया है।

पूरे देश में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और सेना मलबे में दबी जिंदगियों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। वेनेजुएला में पल-पल बदलते हालात और राहत बचाव कार्य से जुड़ी हर बड़ी Live Update के लिए बने रहिए 'लाइव हिंदुस्तान' के साथ।

Venezuela Earthquake Live Updates:

6:15PM-वेनेजुएला के विनाशकारी भूकंप के बाद लगातार राहत एवं बचाव का काम जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हजारों लोग अभी भी लापता हैं, जिनके लिए राहत और बचाव का काम चल रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

4:10PM- वेनेजुएला में आए इस विनाशकारी भूकंप में हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका बनी हुई है। अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक 164 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 971 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। देश इस समय पर अपने इतिहास के सबसे भयानक संघर्ष का सामना कर रहा है। भूकंप की वजह से सड़कें इमारतें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। कई देश मदद के लिए आगे आए हैं।

01.00 PM: कई देशों ने राहत सहायता की पेशकश की- अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि उनका देश तत्काल खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता वेनेजुएला के लिए भेज रहा है। कई देशों... अर्जेंटीना, ब्राजील, चिली, मैक्सिको, इक्वाडोर, बोलीविया और अन्य ने भी वेनेजुएला को सहायता देने की पेशकश की है। रॉड्रिगेज ने बताया कि कतर से बचाव दल पहले ही रवाना हो चुके हैं, जबकि मैक्सिको और अल साल्वाडोर से भी टीमें पहुंचने वाली हैं।

12.30 PM: वेनेजुएला के इस इलाके में लगभग हर इमारत ढह गई- वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद ला गुआइरा की मुख्य सड़कों में से एक का फुटेज। लगभग हर इमारत ढह गई।

12.10 PM: भूकंप के बाद पूरे वेनेजुएला में स्कूल-कॉलेज बंद; राहत शिविर और कैंप बनाने के आदेश: भूकंप की तबाही देखते हुए वेनेजुएला के शिक्षा मंत्रालय ने पूरे देश में शिक्षण संस्थानों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। सरकार ने आदेश जारी किया है कि कई बड़े स्कूलों और सरकारी इमारतों को तुरंत राहत शिविरों में बदल दिया जाए। इन केंद्रों पर बेघर हुए प्रभावितों के लिए भोजन, दवाइयां और मानवीय सहायता इकट्ठा की जाएगी। भूकंप के खौफ के कारण हजारों परिवार रात से ही सड़कों और पार्कों में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

12.10 PM: वेनेजुएला में पिछले 126 साल का सबसे भीषण तबाही; आना-जाना, खाना-पीना सब ठप: अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानि USGS के आंकड़ों के मुताबिक, यह भूकंप वेनेजुएला के इतिहास में पिछले 126 वर्षों का सबसे शक्तिशाली भूकंप हैं। इससे पहले 1990 में 7.7 रिएक्टर पर विनाशकारी भूकंप आया था। मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने काराकास मेट्रो और रेल सेवाओं को पूरी तरह रोक दिया है। आगजनी और धमाकों को रोकने के लिए एहतियातन पूरे शहर में नेचुरल गैस की पाइपलाइन सप्लाई काट दी गई है।

11.40 AM: अपनों को खोजने के लिए सरकार ने जारी किया VenApp: एक के बाद एक आए इस जबरदस्त भूकंप से वेनेजुएला की पूरी इंटरनेट सिस्टम लड़खड़ा गया है। लोग बदहवाश अपनों को खोजने में लगे हैं लेकिन एक दूसरे से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने नागरिकों से सरकारी मोबाइल एप्लिकेशन 'VenApp' का इस्तेमाल करने को कहा है। इस ऐप के जरिए नागरिक अपने लापता रिश्तेदारों की जानकारी दे सकते हैं और अपने घर को हुए नुकसान की रिपोर्ट सीधे 'क्राइसिस कमांड सेंटर' को भेज सकते हैं। आपदा प्रबंधन की टीम इसी ऐप के डेटा के आधार पर टीमों को रवाना कर रही है।

11.35 AM: विनाशकारी भूकंप के बाद देश भर में अफरातफरी का माहौल! वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप के बाद हालात बेकाबू हो चुके हैं। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने ऐसे मुश्किल वक्त में देश को संबोधित करते हुए नेशनल इमरजेंसी लगा दिया है। देश के सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों से हाथ जोड़कर अपील की है। उन्होंने कहा है कि चाहे सरकारी अस्पताल हो या प्राइवेट क्लीनिक, सभी काम पर तुरंत लौट आएं। अस्पतालों में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

11.24 AM: तेल उत्पादन पर क्या है असर? शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस भीषण भूकंप से वेनेजुएला के ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर को तुरंत कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। तेल हब माने जाने वाले लेक माराकैबो के पास नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने किसी के घायल होने की खबर नहीं दी है। हालांकि, लंबे समय तक बिजली गुल रहने से कच्चे तेल के उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

11.15 AM: अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स बिल्कुल अच्छी नहीं हैं और इससे भयानक स्तर पर मौतें हुई हैं। ट्रंप ने ऐलान किया है कि संकट की इस घड़ी में अमेरिका पूरी तरह से वेनेजुएला की मदद करने के लिए तैयार है और सभी अमेरिकी एजेंसियों को तेजी से राहत कार्य में जुटने के निर्देश दे दिए गए हैं।

11.10 AM: शिक्षण संस्थानों में छुट्टी- देशभर में हुए भारी नुकसान के बाद वेनेजुएला का मुख्य माइकेतिया एयरपोर्ट पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। राष्ट्रपति रोड्रिग्ज ने स्थिति को देखते हुए सभी स्कूलों और कॉलेजों में कक्षाएं रद्द करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

11.00 AM: 1967 जैसी तबाही का डर, सड़कों पर आए हजारों लोग- वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने देश को संबोधित करते हुए लोगों से सड़कों और खुले स्थानों पर ही रहने की अपील की है। राजधानी काराकास के लॉस पालोस ग्रांडेस, अल्तामिरा और कारिकुआओ जैसे रिहायशी इलाकों में कई बहुमंजिला इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गई हैं। इससे पहले वेनेजुएला में इस तरह की आपदा साल 1967 में आई थी। लोग इस भूकंप की तुलना ही 1967 के विनाशकारी भूकंप से कर रहे हैं। 1967 में 29 जुलाई को धरती डोली थी और करीब 300 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि अब बहुमंजिला इमारत होने के कारण इस बार मरने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है।

10.20 AM: वेनेजुएला की राजधानी में तबाही, सुनामी का अलर्ट हटा- वेनेजुएला की राजधानी काराकास का इंटरनेशनल एयरपोर्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वैसे अब सुनामी आने का खतरा नहीं है। सरकार ने सुनामी का अलर्ट हटा लिया है। एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। देश के कई हिस्सों में बिजली और फोन नेटवर्क ठप हैं। हालांकि, तटीय इलाकों के लिए जारी किया गया सुनामी का अलर्ट अब वापस ले लिया गया है।

Venezuela Earthquake Live Updates:

10.20 AM: तबाही पर PM मोदी ने जताया गहरा दुख, भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ- पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।

10.00 AM: हजार से 1 लाख तक मौतों की खौफनाक आशंका: अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने चेतावनी दी है कि इस आपदा का असर बेहद व्यापक है। भारी जानमाल के नुकसान की आशंका जताते हुए USGS ने शुरुआती अनुमान में कहा है कि मृतकों का आंकड़ा 10,000 से लेकर 1,00,000 तक पहुंच सकता है।

9.30 AM: चंद सेकंड के अंतर पर आए दो भीषण झटके: USGS के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र मोरोन से 168 किमी पश्चिम में 13 किमी की गहराई पर स्थित था। इसके महज कुछ सेकंड (लगभग 40 सेकंड) बाद ही 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। इस दूसरे भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किमी दक्षिण-पश्चिम में 10 किमी की गहराई पर था। प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए शुरुआत में सुनामी का अलर्ट भी जारी किया गया था।

Venezuela

9.15 AM: जापान में भी हिली धरती, 6.9 की तीव्रता का भूकंप: वेनेजुएला में आई तबाही के बीच जापान में भी 6.9 तीव्रता के तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका असर आओमोरी प्रान्त के हशिकामा टाउन और आसपास के इलाकों में दिखा। भूकंप का केंद्र इवाते प्रान्त के तट पर स्थित था। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाची ने तुरंत एजेंसियों को निर्देश दिए और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। हालांकि, वहां सुनामी को लेकर कोई चेतावनी नहीं है।

9:00 AM: मलबे में तब्दील हुईं इमारतें, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी- गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने सरकारी टेलीविजन पर जानकारी देते हुए कहा कि कई घर और इमारतें मलबे में बदल चुकी हैं। पूरे देश में उपलब्ध सभी संसाधनों की मदद से सुरक्षा और नागरिक सहायता टीमें बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। स्थानीय लोगों के वीडियो और तस्वीरों में भारी तबाही और धूल का गुबार साफ देखा जा सकता है।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।