
'ईरान छोड़कर तुरंत चले जाओ', हमले की आशंका के बीच अपने नागरिकों को US की एडवाइजरी
अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित होने पर जमीन मार्ग से आर्मेनिया या तुर्की की ओर निकल जाएं और अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न रहें। ईरान में कोई अमेरिकी दूतावास नहीं है, इसलिए सहायता सीमित है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों से ईरान तुरंत छोड़ देने के लिए कहा गया है। यह एडवाइजरी ईरान में तेजी से बढ़ रहे विरोध प्रदर्शनों के कारण जारी की गई है, जो दिसंबर 2025 के अंत से शुरू होकर जनवरी में पूरे देश में फैल चुके हैं। ये प्रदर्शन आर्थिक संकट और राजनीतिक असंतोष के खिलाफ शुरू हुए थे। वर्चुअल एंबेसी ने चेतावनी दी है कि प्रदर्शन हिंसक हो सकते हैं, जिससे गिरफ्तारियां, चोटें और मौतें हो सकती हैं।
ईरान सरकार ने मोबाइल, लैंडलाइन और इंटरनेट नेटवर्क पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे संचार पूरी तरह प्रभावित है। सड़कें बंद हैं, सार्वजनिक परिवहन ठप है और कई एयरलाइंस ने ईरान के लिए उड़ानें रद्द या सीमित कर दी हैं। अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित होने पर जमीन मार्ग से आर्मेनिया या तुर्की की ओर निकल जाएं और अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न रहें। ईरान में कोई अमेरिकी दूतावास नहीं है, इसलिए सहायता सीमित है।
ईरान में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी
मौजूदा विरोध प्रदर्शन ईरान के इतिहास में वर्षों में सबसे बड़े हैं, जो 31 प्रांतों में फैले हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई और इस्लामी शासन के खिलाफ नारे लगाए हैं। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, सुरक्षा बलों की ओर से हिंसक कार्रवाई में सैकड़ों लोग मारे गए हैं और हजारों गिरफ्तार हुए हैं। इंटरनेट ब्लैकआउट के कारण सटीक जानकारी प्राप्त करना मुश्किल है, लेकिन रिपोर्ट्स बताती हैं कि प्रदर्शनकारियों पर लाइव गोलीबारी की गई है।
अमेरिका विकल्पों पर कर रहा विचार
ईरान सरकार ने प्रदर्शनों को अमेरिका और इजरायल की ओर से प्रेरित दंगा करार दिया है, जबकि प्रदर्शनकारी आर्थिक संकट और मानवाधिकार उल्लंघनों के खिलाफ हैं। आशंका इस बात की भी है कि कहीं ईरान के ऊपर यूएस सीधा हमला ना कर दे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए 25% टैरिफ की घोषणा की है और सैन्य विकल्पों का संकेत दिया है। यह स्थिति ईरान में अस्थिरता को बढ़ा रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता पैदा कर रही है। अमेरिकी नागरिकों, विशेषकर दोहरी नागरिकता वाले, को गिरफ्तारी का खतरा है।

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




