पड़ोसी के खिलाफ जंग छेड़ने की तैयारी में अमेरिका, रिपोर्ट में दावा- सैन्य ठिकानों पर हमले की योजना
अमेरिका ने पड़ोसी देश वेनेजुएला और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर सैन्य दबाव बढ़ाने के लिए त्रिनिदाद एंड टोबैगो में एक युद्धपोत तैनात कर दिया है। वहीं मादुरो ने इस कदम की आलोचना करते हुए इसे अमेरिकी सरकार द्वारा युद्ध छेड़ने का प्रयास बताया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ड्रग तस्करी रोकने के अभियान के ऐलान के बाद से अमेरिका और पड़ोसी देश वेनेजुएला के बीच तनाव चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। इस बीच अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका जल्द ही वेनेजुएला के सैन्य ठिकानों पर हमला करने की योजना बना रहा है। खबरों के मुताबिक इन हमलों का उद्देश्य एक ड्रग कार्टेल द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सैन्य ठिकानों को नष्ट करना है।
मियामी हेराल्ड ने मामले से परिचित सूत्रों के हवाले से बताया है कि ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के अंदर सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले की योजना बनाई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये हमले किसी भी समय हो सकते हैं। मामले से परिचित एक सूत्र ने बताया, 'मादुरो खुद को फंसा हुआ पा रहे हैं और उन्हें जल्द ही पता चल सकता है कि अगर वे देश छोड़कर भागने का फैसला भी कर लें, तो भी वे भाग नहीं सकते।'
सेना ने हमलों का किया है अभ्यास
इससे पहले इस सप्ताह वेनेजुएला की ट्रंप को चेतावनी के बाद अमेरिकी सेना ने गुरुवार को इस देश की सीमा के पास सुपरसोनिक बी 1 बमवर्षक विमान उड़ाए थे। कैरिबियन क्षेत्र में अमेरिकी सेना ने हमलों का भी अभ्यास किया है। यहां बड़े पैमाने पर अमेरिकी सेना, मरीन जवानों की तैनाती की गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। ट्रंप मादुरो पर आरोप लगा चुके हैं कि वह विश्व के सबसे बड़े मादक पदार्थ तस्कर हैं और अमेरिका में नशीले पदार्थों की खेप भेज रहे हैं।
62 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक अमेरिका की एक स्क्वाड्रन वर्तमान में प्यूर्टो रिको में तैनात है। कैरिबियन में अमेरिकी बल में 8 युद्धपोत, पी-8 समुद्री गश्ती विमान, एमक्यू-9 रीपर ड्रोन और एक एफ-35 लड़ाकू स्क्वाड्रन भी सक्रिय हैं। दक्षिण अमेरिका के तटीय जलक्षेत्र में एक पनडुब्बी के सक्रिय होने की भी पुष्टि हुई है। हाल के हफ्तों में कैरिबियन और प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी हमलों में इन नावों पर सवार कम से कम 62 लोग मारे गए हैं। अमेरिका ने दावा किया है कि ये लोग मादक पदार्थ ले जा रहे थे। हालांकि वहां की सरकार का दावा है कि वे मछुआरे थे।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


