Hindi Newsविदेश न्यूज़US President Donald Trump welcomed Crown Prince Mohammed bin Salman to America
जेट, घोड़े और ट्रम्पेट; डोनाल्ड ट्रंप ने खास अंदाज में किया सऊदी के शहजादे का स्वागत; VIDEO

जेट, घोड़े और ट्रम्पेट; डोनाल्ड ट्रंप ने खास अंदाज में किया सऊदी के शहजादे का स्वागत; VIDEO

संक्षेप:

इससे पहले सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की बहुप्रतीक्षित अमेरिका यात्रा की पूर्व संध्या पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि वह इस खाड़ी देश को F-35 लड़ाकू विमान बेचेंगे। हालांकि ट्रंप प्रशासन में इस बात को लेकर एक चिंता भी है।

Nov 19, 2025 12:29 am ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सऊदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान का वाइट हाउस में भव्य स्वागत किया है। अमेरिका ने जिस अंदाज में प्रिंस सलमान का स्वागत किया, सऊदी प्रिंस की यात्रा किसी भी मायने में किसी राजकीय यात्रा से कम नहीं लग रही। स्वागत समारोह में घोड़े, फाइटर जेट्स और ट्रंपेट्स की धुनों ने समां बांध दिया। बता दें कि प्रिंस का यह दौरा राजकीय यात्रा नहीं है, क्योंकि क्राउन प्रिंस सऊदी अरब के राष्ट्राध्यक्ष नहीं हैं। फिलहाल उनके पिता, 89 वर्षीय किंग सलमान, सऊदी अरब के राष्ट्राध्यक्ष हैं। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप सभी कूटनीतिक कोशिशें करके, अमेरिकी हितों के लिए सऊदी अरब के महत्व और प्रिंस के प्रति अपने सम्मान का संकेत दे रहे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की लिमो को घोड़ों की एक कतार ने वाइट हाउस के ड्राइववे तक पहुंचाया। वहीं सैन्य बैंड ने प्रिंस का स्वागत किया। इसके बाद जिस समय ट्रंप साउथ लॉन में मुस्कुराकर प्रिंस का स्वागत कर रहे थे, लड़ाकू विमानों का एक समूह, जिसमें F-35 भी शामिल थे, वाइट हाउस के ऊपर से गुजरा। ट्रंप ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और प्रिंस का कंधा पकड़ा। फिर वे मुस्कुराकर एक तस्वीर खिंचवाने के लिए तैयार हुए। इसके बाद ट्रंपेट्स बजे, सैनिकों ने सलामी दी और दोनों नेता दक्षिणी पोर्टिको में चले गए।

जमाल खशोगी की हत्या के बाद प्रिंस पहला दौरा

गौरतलब है कि ‘वाशिंगटन पोस्ट’ के पत्रकार जमाल खशोगी की 2018 में सऊदी एजेंटों द्वारा हत्या के बाद यह प्रिंस पहला दौरा है। सऊदी शासकों के प्रखर आलोचक खशोगी की हत्या से अमेरिका-सऊदी अरब के रिश्तों में खटास आ गई थी। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने बाद में यह बात मानी कि प्रिंस मोहम्मद ने ही एजेंटों को ऐसा करने का निर्देश दिया था। हालांकि सात साल बाद यह तनाव काफी हद तक खत्म हो गया है। ट्रंप अब 40 वर्षीय शहजादे को पश्चिम एशिया के भविष्य को आकार देने वाले एक अहम साझेदार के रूप में देख रहे हैं। सलमान अपनी ओर से खशोगी की हत्या में किसी भी भूमिका से इनकार करते रहे हैं।

ये भी पढ़ें:सऊदी अरब को F-35 देंगे डोनाल्ड ट्रंप, डील से पहले ही टेंशन में इजरायल और इंडिया
ये भी पढ़ें:सऊदी अरब से बड़ी डील कर रहे ट्रंप को चीन की चिंता, कौन सा सीक्रेट लीक होने का डर

F-35 लड़ाकू विमान बेचने का ऐलान

दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता में खशोगी का मुद्दा शायद ही प्रमुख रहेगा। वे अरबों डॉलर के समझौते की घोषणा और अस्थिर पश्चिम एशिया में आगे की जटिल राह पर चर्चा करने वाले हैं। सऊदी अरब के शहजादे की बहुप्रतीक्षित अमेरिका यात्रा की पूर्व संध्या पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस खाड़ी देश को F-35 लड़ाकू विमान बेचेंगे। हालांकि, ट्रंप प्रशासन में इस बात को लेकर चिंता है कि इस तरह की बिक्री से चीन को उन्नत हथियार प्रणाली के पीछे की अमेरिकी प्रौद्योगिकी तक पहुंच मिल सकती है। ट्रंप की घोषणा इसलिए भी चौंकाने वाली है, क्योंकि रिपब्लिकन प्रशासन में कुछ लोग इजरायल की अपने पड़ोसियों पर गुणात्मक सैन्य बढ़त को प्रभावित करने को लेकर चिंतित हैं, खासकर ऐसे समय में जब ट्रंप अपनी गाजा शांति योजना की सफलता के लिए इजराइल के समर्थन पर निर्भर हैं।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari
जागृति ने 2024 में हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल सर्विसेज के साथ अपने करियर की शुरुआत की है। संत जेवियर कॉलेज रांची से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन करने बाद, 2023-24 में उन्होंने भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा हासिल किया। खबरें लिखने के साथ साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और अर्थव्यवस्था की खबरों को पढ़ना पसंद है। मूल रूप से रांची, झारखंड की जागृति को खाली समय में सिनेमा देखना और सिनेमा के बारे में पढ़ना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।