बेवकूफ हो तुम… बीच इंटरव्यू डोनाल्ड ट्रंप ने निकाल फेंका माइक, महिला पत्रकार संग तीखी बहस; VIDEO

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इंटरव्यू के बीच जब एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने उनसे 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हुई कथित धांधली के सबूत मांगे, तो ट्रंप अपना आपा खो बैठे। उन्होंने पत्रकार को बेवकूफ तक कह डाला।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर पत्रकार पर बुरी तरह चिल्लाते नजर आए हैं। एक महिला पत्रकार के साथ इंटरव्यू के बीच ट्रंप इतना भड़क गए कि उन्होंने बातचीत के बीच में ही अपना माइक निकाल फेंका और इंटरव्यू बीच में ही छोड़कर चले गए। इससे पहले पत्रकार ने ट्रंप से कई तीखे सवाल पूछे थे। दोनों के बीच जमकर बहस भी हुई। अब इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप एनबीसी न्यूज के मशहूर शो 'मीट द प्रेस' के लिए इंटरव्यू देने पहुंचे थे। इस दौरान चुनावी धांधली के आरोपों पर पत्रकार से उनकी तीखी बहस हो गई। इंटरव्यू के बीच जब एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने उनसे 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हुई कथित धांधली के सबूत मांगे, तो ट्रंप अपना आपा खो बैठे। उन्होंने पत्रकार को बेवकूफ तक कह डाला।

क्यों भड़क गए ट्रंप?

दोनों के बीच बहस तब शुरू हुई जब क्रिस्टन वेल्कर ने ट्रंप से उनके प्रस्तावित 1.8 बिलियन डॉलर के 'एंटी-वेपनाइजेशन इनिशिएटिव' को लेकर सवाल पूछा। बात दें कि यह फंड उन लोगों को मुआवजा देने के लिए है, जिन्हें लगता है कि जो बाइडेन प्रशासन ने बेवजह निशाना बनाया था। इस मुद्दे पर बात करते हुए ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि बाइडेन की सरकार ने निर्दोष लोगों की जिंदगियां बर्बाद कर दीं और उन्हें जेल भेज दिया।

जब एंकर ने टोकते हुए कहा कि इन आरोपों के कोई सबूत नहीं है, तो ट्रंप ने कैलिफोर्निया का मुद्दा उठाया। ट्रंप ने कहा, "मेरी बात सुनो, इसके बहुत सारे सबूत हैं। चुनाव (अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2020) पूरी तरह फिक्स था। यह एक घटिया चुनाव था और यही चीज इस वक्त कैलिफोर्निया में भी हो रही है।" ट्रंप ने दावा किया कि कैलिफोर्निया में मतदान खत्म होने के कई दिनों बाद भी वोटों की गिनती का अधूरा होना इस बात का सबूत है कि वहां कुछ गड़बड़ चल रही है।

पत्रकार पर शुरू किए निजी हमले

बहस के दौरान जब एंकर ने जब इन आरोपों के सबूतों को लेकर दबाव बनाया, तो ट्रंप ने मीडिया पर निजी हमले शुरू कर दिए। ट्रंप ने एंकर से पूछा, "क्या तुम्हें लगता है कि चुनाव के इतने दिनों बाद भी विजेता का नाम सामने ना आना सही है?" एंकर ने जवाब दिया कि खुद चुनाव अधिकारियों ने गिनती प्रक्रिया स्लो होने की बात मानी है। इस पर ट्रंप बोले, "नहीं, वे बेईमान हैं। वे ठीक तुम्हारी तरह बेईमान हैं। तुम्हारी पूरी प्रेस बेईमान है और 'मीट द प्रेस' भी बेईमान है।… यही हाल ABC, CBS और सीएनएन CNN का भी है। तुम सब एकतरफा और बिकाऊ नेटवर्क हो।”

एंकर ने कहा, "मैं बेईमान नहीं हूं…," तो ट्रंप ने उन्हें बीच में ही काटते हुए कहा, "सच में? तुम तो उन्हीं के इशारों पर खेल रही हो। तुम या तो बेईमान हो या फिर बेवकूफ हो।" इसके बाद ट्रंप ने माइक हटाते हुए कहा, “चलो अब इसे यहीं खत्म करते हैं। क्योंकि अब बहुत हो गया। थैंक यू, डार्लिंग।” एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने उनसे रुकने और इंटरव्यू जारी रखने की अपील की। इस पर ट्रंप ने कहा, "मैं आपको समय दे चुका हूं। आपको अपनी प्रेस को सुधारना चाहिए, क्योंकि एक बेईमान प्रेस के साथ कोई भी देश कभी महान नहीं बन सकता।" इसके बाद ट्रंप अपनी कुर्सी से उठे और चले गए।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।