ट्रंप ने नहीं लिया भारत का नाम, पर नोबेल तो मांग ही लिया; कमेटी को खूब सुनाया

लाइव हिन्दुस्तान, वॉशिंगटन
share

नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की जा रही है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपने लिए पुरस्कार की दावेदारी पेश की है। हालांकि, अवॉर्ड नहीं मिलने को लेकर उन्हें नॉर्वे की समिति को जमकर सुनाया भी है।

Donald Trump
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर नोबेल पुरस्कार की मांग दोहराई है। फाइल फोटो- AP

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर नोबेल पुरस्कार राग शुरू कर दिया है। बुधवार को ही उन्होंने 8 युद्ध रुकवाने का दावा कर दिया। खास बात है कि वह पहले भी कई मौकों पर ये दावा कर चुके हैं, जिनमें भारत और पाकिस्तान भी शामिल है। हालांकि, भारत की ओर से साफ किया जा चुके है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के अनुरोध पर ही संघर्ष विराम किया गया था, जिसमें किसी भी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं थी।

ट्रंप ने ओवल से कहा, 'मैंने ऐसे काम किए हैं जो किसी और ने कभी नहीं किए। मैं डींग नहीं मार रहा, बस आपको सच बता रहा हूं। शायद ही किसी राष्ट्रपति ने कभी कोई युद्ध खत्म किया हो। मैंने आठ युद्ध खत्म किए।' ओवल ऑफिस अमेरिका के राष्ट्रपति के काम करने की जगह है, जो राजधानी वॉशिंगटन डीसी स्थित वाइट हाउस में है।

नोबेल कमेटी पर ही सवाल

ट्रंप ने यह भी कह दिया कि उन्हें नोबेल नहीं देने से पुरस्कार देने वाली नॉर्वे की समिति की प्रतिष्ठा पर ही असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, 'उनकी ऐसी छवि है कि वे शायद मुझ जैसे लोगों को यह सम्मान नहीं देते। लेकिन मुझे यह मिले या न मिले, मैंने इससे कहीं ज्यादा काम किया है। मुझे लगता है कि यह उनके लिए बहुत बड़ी बदनामी की बात होगी। और मैं यह बात नफरत से नहीं कह रहा हूं।'

बराक ओबामा का लिया नाम

इस दौरान ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का भी नाम लिया। साथ ही आरोप लगाए कि इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति ने कुछ नहीं किया था। उन्होंने कहा, 'ओबामा को यह मिला और उन्होंने इसके लिए कुछ नहीं किया। उन्हें अब भी नहीं पता कि उन्हें यह क्यों मिला। उन्हें यह तब मिला जब वे चुने गए थे बिल्कुल शुरुआत में और उन्हें कोई अंदाजा नहीं था कि उन्हें यह क्यों मिला।'

दूसरे देश की विजेता ने दिया अपना अवॉर्ड

खास बात है कि ट्रंप उम्मीद कर रहे थे कि उन्हें शांति का नोबेल पुरस्कार मिल सकता था, जो वेनेजुएला की मारिया कोरिना मचाडो को मिल गया था। उन्होंने कहा, 'पिछली बार उन्होंने यह एक लड़की को दिया था जो एक शानदार इंसान है और उन्होंने कहा कि वह इसके लायक नहीं है कि मैं इसका हकदार हूं और उन्होंने यह मुझे दे दिया।'

उन्होंने कहा, 'इस तरह से पुरस्कार हासिल करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात थी। पिछली बार इसे पाने वाले ने कहा था कि इतिहास में राष्ट्रपति ट्रंप से ज्यादा इसका कोई हकदार नहीं है।'

ईरान से युद्ध जारी

खास बात है कि ट्रंप की टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच लंबे चले युद्ध के बाद भी तनाव जारी है। दोनों मुल्कों के बीच अब भी आम सहमति नहीं बन सकी है। इसके चलते दुनिया की तेल सप्लाई खासी प्रभावित हुई थी, जिसका असर भारत पर भी देखने को मिला था। अब भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर दोनों मुल्कों में तनातनी जारी है।

रूस और यूक्रेन युद्ध

खास बात है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लंबे समय से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। इस संबंध में वह रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की से भी मुलाकात कर चुके हैं। दोनों देशों के बीच फरवरी 2022 में युद्ध शुरू हो गया था।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़ट्रंप ने नहीं लिया भारत का नाम, पर नोबेल तो मांग ही लिया; कमेटी को खूब सुनाया