आशा और शांति का संदेश; टैरिफ टेंशन के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने दी दिवाली की शुभकामनाएं
Happy Diwali 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दिवाली के मौके पर सभी अमेरिकियों को गर्मजोशी भरी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस उत्सव को बुराई पर अच्छाई की विजय और अंधेरे पर उजाले की जीत का प्रतीक बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दिवाली के मौके पर सभी अमेरिकियों को गर्मजोशी भरी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस उत्सव को बुराई पर अच्छाई की विजय और अंधेरे पर उजाले की जीत का प्रतीक बताया। ट्रंप ने दिवाली को आत्मनिरीक्षण, सद्भावना और पुनरुत्थान का समय बताया। वाइट हाउस की आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट उनके संदेश में कहा गया है कि आज, मैं 'प्रकाश का पर्व' दिवाली मना रहे हर अमेरिकी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। कई अमेरिकियों के लिए, यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश की विजय की याद ताजा करता है।

ट्रंप ने आगे कहा कि यह अवसर परिवारों व दोस्तों को जोड़कर समुदाय का जश्न मनाने, आशा से प्रेरित होने और नई शुरुआत की भावना अपनाने का भी है। लाखों लोग दीपक जलाते हैं और इस सनातन सिद्धांत का लुत्फ उठाते हैं कि अच्छाई हमेशा बुराई पर भारी पड़ती है। उन्होंने दिवाली मनाने वाले हर अमेरिकी के लिए दुआ की कि यह पर्व उनके जीवन में स्थायी शांति, समृद्धि, आशा और खुशियां लेकर आए।
गौरतलब है कि दुनिया भर में करोड़ों भारतीय दिवाली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाते हैं, जो अमेरिका में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। हाल के सालों में कई अमेरिकी राज्य और इलाके इस पर्व को आधिकारिक मान्यता देने की दिशा में कदम उठा चुके हैं। पेंसिल्वेनिया, कनेक्टिकट और कैलिफोर्निया जैसे राज्यों में इसे राज्य स्तर का अवकाश घोषित किया गया है। कैलिफोर्निया में विधानसभा बिल 268 के अनुसार, स्कूलों को बंद रखने और सरकारी कर्मचारियों को वेतन सहित छुट्टी देने का प्रावधान जनवरी 2026 से शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा, न्यूयॉर्क सिटी, न्यू जर्सी के एडिसन और जर्सी सिटी, साथ ही टेक्सास के डलास व ह्यूस्टन जैसे क्षेत्रों में अब स्कूलों में दिवाली पर छुट्टियां मिलने लगी हैं। बता दें कि टैरिफ विवाद को लेकर भारत और अमेरिका आमने-सामने हैं। दोनों देश मध्य मार्ग खोजने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में ट्रंप का यह संदेश सकारात्मक और सांत्वना देने वाला है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




