अपाचे गिराए जाने से भड़के ट्रंप, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के कई ठिकानों पर जोरदार हमला

लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान।
Follow us on Google News
share

US-Iran War Updates: ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसियों मेहर और फारस के अनुसार, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हॉरमोजगान प्रांत के कई हिस्सों में भारी विस्फोटों की आवाज सुनी गई है।

अपाचे गिराए जाने से भड़के ट्रंप, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के कई ठिकानों पर जोरदार हमला

US-Iran War Updates: मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों को एक और बहुत बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त रुख के बाद अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान पर नए हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। यह सैन्य कार्रवाई ईरान द्वारा अमेरिका के एक अत्याधुनिक अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर को मार गिराए जाने के जवाब में की गई है। दोनों देशों के बीच पिछले दो महीने से जारी बेहद नाजुक युद्धविराम अब पूरी तरह टूटने की कगार पर पहुंच गया है।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि करते हुए इसे आत्मरक्षा में उठाया गया कदम बताया है। सेंटकॉम द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, "कमांडर-इन-चीफ राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने आज शाम 5 बजे (स्थानीय समयानुसार) ईरान के खिलाफ आत्मरक्षा में हमले शुरू कर दिए हैं। यह कार्रवाई कल अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के खिलाफ की गई है। हमारा यह मिशन ईरान की अनुचित आक्रामकता का एक आनुपातिक जवाब है।"

ईरान के कई इलाकों में गूंजे धमाके

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसियों मेहर और फारस के अनुसार, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हॉरमोजगान प्रांत के कई हिस्सों में भारी विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। कूहेस्ताक, सिरीक, मीनाब और तटीय शहर बंदर अब्बास में धमाकों की आवाज सुनी गई है। हालांकि, इन धमाकों से हुए सटीक नुकसान और उनके निश्चित ठिकानों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कैसे क्रैश हुआ अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर?

समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बात करते हुए एक अमेरिकी अधिकारी ने खुलासा किया कि ईरान के एक आत्मघाती ड्रोन ने अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया था, जिसके बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि जब हमारा बेहद परिष्कृत और अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के ऊपर नियमित गश्त पर था तभी ईरानियों ने उसे मार गिराया।

इतिहास में पहली बार सी-ड्रोन से रेस्क्यू की चर्चा है। अमेरिकी सेना ने बताया कि यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 3 बजे हुआ था। एक ऐतिहासिक कदम के तहत, हेलीकॉप्टर के चालक दल के दोनों सदस्यों को एक समुद्री ड्रोन की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया है और दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

ईरान की सफाई

तनाव चरम पर पहुंचने के बाद ईरान के शीर्ष नेतृत्व की ओर से भी बयान सामने आए हैं। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि यह जलडमरूमध्य अमेरिकी तटों से हजारों मील दूर है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "हमारी सीमा के करीब मौजूद विदेशी सेनाएं अपनी मानवीय भूलों, सीधे हादसों या दोनों पक्षों के बीच होने वाली क्रॉसफायर की चपेट में आने के लगातार जोखिम में रहती हैं। इस जोखिम को कम करने का सबसे अच्छा उपाय यही है कि वे इस क्षेत्र को छोड़कर चले जाएं।"

उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने अल जजीरा से बात करते हुए बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हुआ अमेरिकी हेलीकॉप्टर ईरान द्वारा जानबूझकर निशाना नहीं बनाया गया था।

दो महीने पुराना नाजुक समझौता खतरे में

अपाचे हेलीकॉप्टर के गिराए जाने और उसके बाद अमेरिका के जवाबी हमलों ने पश्चिम एशिया के समीकरणों को फिर से बिगाड़ दिया है। यह नया संकट ठीक उस समय आया है, जब एक ही दिन पहले ईरान और इजरायल ने युद्धविराम लागू होने के बाद पहली बार एक-दूसरे पर सीधे मिसाइलें और गोले दागे थे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को एक बार फिर भीषण युद्ध के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।