सूअर की तरह छटपटा रहा ईरान… ट्रंप ने ठुकरा दिया नया ऑफर, होर्मुज नहीं खोलेगा US

Jagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

इस बीच यह खबर भी सामने आई है कि अमेरिका ईरान पर एक संक्षिप्त हमला करने की योजना बना रहा है। वहीं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी जारी है। ट्रंप का कहना है कि इससे ईरान की हालत खराब हो गई है।

सूअर की तरह छटपटा रहा ईरान… ट्रंप ने ठुकरा दिया नया ऑफर, होर्मुज नहीं खोलेगा US

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की तुलना सूअर से की है। उन्होंने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने से ईरान की हालत ‘स्टफ्ड पिग’ जैसी हो गई है और उसका दम घुट रहा है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने दुनिया के सबसे प्रमुख जलमार्गों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नाकेबंदी लगा रखी है। यहां से ईरानी जहाजों को गुजरने नहीं दिया जा रहा है जिससे ईरान के तेल निर्यात को रोक जा सके।

अब ट्रंप ने साफ कहा है कि जब तक ईरान परमाणु समझौते के लिए तैयार नहीं होता, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला जाएगा। ट्रंप ने बुधवार को एक्सियोस को दिए एक इंटरव्यू में यह बातें कही हैं। इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान का नया प्रस्ताव अमेरिका को मंजूर नहीं है। बता दें कि इस प्रस्ताव के तहत ईरान ने अमेरिका को ऑफर दिया था कि अगर अमेरिका होर्मुज खोलने के लिए तैयार हो जाता है तो ईरान भी यहां से प्रतिबंध हटा देगा और तत्काल युद्धविराम लागू किया जा सकेगा। वहीं न्यूक्लियर डील पर बातचीत अगले चरण में होगी। हालांकि ट्रंप को यह सौदा मंजूर नहीं है।

ट्रंप का क्या दावा?

ट्रंप ने अपने बयान में कहा, "नाकाबंदी बमबारी से कुछ ज्यादा असरदार है। उनका स्टफ्ड सूअर की तरह दम घुट रहा है और उनके लिए हालात और भी खराब होने वाले हैं। वे परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकते।" ट्रंप ने आगे कहा, "वे समझौता करना चाहते हैं। वे नहीं चाहते कि मैं नाकाबंदी जारी रखूं। मैं ऐसा नहीं करूंगा। क्योंकि मैं नहीं चाहता कि उनके पास परमाणु हथियार हों।” रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप ने दावा किया है कि नाकाबंदी की वजह से ईरान तेल निर्यात नहीं कर पा रहा है और इसकी वजह से उसकी स्टोरेज फैसिलिटी और पाइपलाइनें फटने की कगार पर पहुंच गई हैं। बीते दिनों रिपोर्ट्स में भी इस तरह की खबरें आई हैं कि ईरान के पास तेल रखने की जगह कम पड़ रही है और उसके पास अब सिर्फ 12 से 22 दिन की जगह की बची है। हालांकि इन रिपोर्ट्स पर ईरान की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।

नए हमले की तैयारी?

इस बीच जहां एक तरफ ट्रंप ईरान से समझौते की बात कह रहे हैं वहीं दूसरी तरफ चर्चा हो कि अमेरिका ईरान पर दोबारा हमले की योजना बना रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बातचीत में आई रुकावट का हवाला देते हुए ईरान पर एक छोटी और असरदार हमलों की एक श्रृंखला की योजना बनाई है। इन हमलों से अमेरिका ईरान पर बातचीत के लिए दबाव बनाना चाहता है। यह रिपोर्ट्स ट्रंप के एक ऐसे बयान के बाद सामने आए हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि अब वो और अच्छे इंसान बन कर नहीं रह सकते।

ईरान का आया जवाब

इस बीच ईरान के एक वरिष्ठ सुरक्षा सूत्र ने 'प्रेस टीवी’ से कहा है कि अमेरिका की नाकेबंदी का जल्द ही ठोस तरीके से जवाब दिया जाएगा। वहीं बुधवार को ईरान की संसद के स्पीकर ग़ालिबफ़ ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि ईरान अपने विरोधियों की चालबाजी को हरा देगा। ईरान ने स्पष्ट कहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम से कोई समझौता नहीं करेगा। ऐसे में बातचीत फिलहाल डेडलॉक की स्थिति में है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।