अब ट्रंप पर ही भड़क गए नेतन्याहू, किस बात की दे दी चेतावनी? एक घंटे तक चली बहस
यह बातचीत इतनी तनावपूर्ण रही कि कॉल के बाद नेतन्याहू बेहद बेचैन दिखे। जानकारी के मुताबिक उन्होंने ईरान पर हमले रोकने को सबसे बड़ी गलती बताया है। वहीं ट्रंप ने बीते दिनों कहा था कि नेतन्याहू वही करेंगे जो ट्रंप उनसे कहेंगे।

ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच मतभेद अब सतह पर आ गए हैं। हाल ही में दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस हुई है जहां नेतन्याहू और ट्रंप के विचार मेल नहीं खा रहे हैं। यह बातचीत फोन पर हुई और कॉल एक घंटे से भी ज्यादा लंबी चली। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप के ईरान पर हमले रोकने के फैसले से नेतन्याहू बेहद नाराज हैं और फोन के बाद वे बेहद नाराज भी दिखे।
एक्सिओस की एक रिपोर्ट के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू ईरान के खिलाफ अगले कदम को लेकर एक मत नहीं हैं। नेतन्याहू जहां ईरान पर हमलों को दोबारा शुरू करना चाहते हैं, वहीं ट्रंप ने फिलहाल युद्ध रोककर कूटनीति को एक मौका देने का मन बना लिया है। इसे लेकर ही दोनों के बीच तीखी बहस हुई है।
फोन कॉल पर क्या हुआ?
सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप ने नेतन्याहू को दोटूक शब्दों में बताया कि वे ईरान पर नए हमलों को फिलहाल रोक रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान और कतर जैसे मध्यस्थ देश एक 'लेटर ऑफ इंटेंट' पर काम कर रहे हैं, जिस पर अमेरिका और ईरान दोनों साइन करेंगे। इसके बाद 30 दिनों का सीजफायर शुरू होगा। इस दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अगले कदम पर चर्चा होगी। हालांकि सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू इससे बेहद नाराज हैं। उन्होंने ट्रंप से सीधे चेतवानी देते हुए कहा कि हमलों को टालना एक बहुत बड़ी भूल है।
इजरायल का मानना है कि जंग को रोकने से ईरान को संभलने और अपनी सैन्य ताकत को फिर से खड़ा करने का मौका मिल जाएगा। इस बातचीत से नेतन्याहू इस कदर घबरा गए हैं कि वॉशिंगटन में इजरायल के राजदूत ने अमेरिकी सांसदों को इसकी इनपुट दी है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया, “कॉल के बाद बीबी बेहद गुस्से में थे।” सूत्रों का कहना है कि नेतन्याहू अब स्थिति को व्यक्तिगत रूप से संभालने के लिए आने वाले कुछ हफ्तों के भीतर अमेरिका का दौरा करने और ट्रंप से आमने-सामने की मीटिंग करने की भी योजना बना रहे हैं।
नेतन्याहू वही करेंगे जो मैं चाहूंगा-ट्रंप
यह खबर ऐसे समय में सामने आई है जब ट्रंप ने हाल ही में सार्वजनिक रूप से शेखी बघारी थी और कहा था कि नेतन्याहू वहीं करेंगे जो ट्रंप चाहेंगे। कोस्ट गार्ड एकेडमी में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, “बीबी (नेतन्याहू) वही करेंगे जो मैं उनसे करने के लिए कहूंगा। हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं। अब सवाल सिर्फ इतना है कि क्या हम आगे बढ़कर इस जंग को पूरी तरह खत्म करें, या ईरान समझौते के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करे। देखते हैं क्या होता है।”
कहां तक पहुंची बातचीत?
बता दें कि ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि वे सऊदी अरब, यूएई और कतर जैसे खाड़ी देशों के अनुरोध के बाद ईरान पर दोबारा हमले की योजना को टाल रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र ने मिलकर एक नया शांति मसौदा तैयार किया है। वहीं ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनके '14-सूत्रीय प्रस्ताव' पर बातचीत चल रही है और पाकिस्तान के गृह मंत्री इशाक डार इस समय तेहरान में मध्यस्थता कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


