कल नहीं होगी अमेरिका से डील; ईरान का पाकिस्तान को झटका, शहबाज ने 24 घंटे का किया था दावा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ईरान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के 24 घंटे के अंदर डील वाले दावे की हवा निकाल दी है। ईरानी विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि अमेरिका के साथ जल्दी ही डील करने की संभावना है लेकिन यह रविवार को नहीं होने वाली।

कल नहीं होगी अमेरिका से डील; ईरान का पाकिस्तान को झटका, शहबाज ने 24 घंटे का किया था दावा

पश्चिम एशिया में जारी जंग अब सुलझने की राह पर है, लेकिन इससे पहले लगातार वाद-विवाद हो रहा है। अमेरिका और ईरान की तरफ से लगातार इस डील को लेकर बयान जारी किए जा रहे हैं। इसी बीच शनिवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दावा किया था कि अगले 24 घंटे में 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम' पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के बयान के कुछ ही देर बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने उनके बयान को खारिज कर दिया। इस्लामिक देश ने कहा कि आने वाले दिनों में डील होने की संभावना है, लेकिन यह कल नहीं होगी।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की कि अमेरिका के साथ जल्दी ही शांति समझौता हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम' पर रविवार को कोई फैसला नहीं लिया जाएगा।"

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक बघाई ने कहा कि दोनों देशों के बीच में लगातार वार्ता हो रही है लेकिन अभी तक कोई समय सीमा तय नहीं हुई है। इतना ही नहीं बघाई ने सभी पक्षों को इस डील की सफलता को लेकर भविष्यवाणी करने वाली मीडिया रिपोर्ट्स को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "हम यह कह सकते हैं कि दोनों देश जल्दी ही समझौते की तरफ बढ़ सकते हैं। लेकिन हस्ताक्षर कब होंगे इसकी कोई समय सीमा निश्चित नहीं है।

पाकिस्तान प्रधानमंत्री ने क्या कहा था?

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता करवा कर नेता बनने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने शनिवार को 24 घंटे के अंदर डील होने का दावा किया था। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि हम शांति समझौता करवाने के बेहद करीब है। अगले 24 घंटे में सारी बातें होकर इस पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। पाकिस्तान इलेक्ट्रानिक हस्ताक्षर की तैयार कर रहा है। इसके बाद अगले हफ्ते से नए स्तर की वार्ता होंगी।

इसके साथ ही पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के नेताओं का धन्यवाद भी कर दिया था। हालांकि अब ईरान ने शहबाज शरीफ के दावे की हवा निकाल दी है।

जीतने तक झुकेगा नहीं ईरान: प्रमुख वार्ताकार गालिबाफ

अमेरिका के साथ युद्ध के अपने दशकों पुराने डर का सामना कर चुका ईरान अब किसी भी हालत में ट्रंप के सामने झुकने को तैयार नहीं है। ईरानी सांसद और अमेरिका के साथ बातचीत में मुख्य भूमिका निभा रहे मोहम्मद बगैहर गालिबाफ ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल लगातार आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। ईरान अपनी जनता और देश के लिए आखिरी जीत तक खड़ा रहेगा।

बता दें, 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध के पहले ही दिन अमेरिकी और इजरायली हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान ने पलटवार करते हुए पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। करीब 45 दिनों तक चले इस युद्ध के बाद दोनों पक्षों ने शांति समझौता करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पाकिस्तान के नेतृत्व में कई दिनों तक शांति वार्ता चलती रही लेकिन वह किसी नतीजे तक नहीं पहुंची। एक महीने तक इसी ऊहा पोह की स्थिति के बीच ट्रंप लगातार ईरान को धमकी देते रहे।

इसके बाद हाल ही में ट्रंप ने एक बार फिर से ईरान पर हमला शुरू कर दिया। इसके जवाब में ईरान ने भी कुवैत एयरपोर्ट पर निशाना साधा दिया। बाद में ईरान और अमेरिका के बीच में फिर से वार्ता शुरू हो गई। अब हालात यहां बने हैं कि इजरायल लगातार लेबनान पर हमला कर रहा है और अमेरिका ईरान के साथ बातचीत करने की तरफ देख रहा है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।