अमेरिका ने अब बच्चों के कैंसर अस्पताल पर बरसाईं मिसाइलें! भड़का ईरान, MQ-9 ड्रोन तबाह
ईरानी अधिकारियों के अनुसार अमेरिकी हमलों में अब तक 35 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 300 से अधिक घायल हुए हैं। ताजा हिंसा के दौरान पहली बार ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास के इलाकों को भी निशाना बनाया गया।
अमेरिका ने ईरान में बच्चों के एक कैंसर के अस्पताल को निशाना बनाकर जंग की आग और भड़का दी है। जानकारी के मुताबिक अमेरिकी हमलों से कैंसर अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा है और कई कीमोथैरेपी करा रहे बच्चों को बाहर निकालना पड़ा है। इससे पहले अमेरिका ने रातभर ईरान पर नए सिरे से हवाई हमलों की बौछार की। वहीं ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी लगा दी गई है। अब ईरान आगबबूला हो उठा है और जवाब में खाड़ी देशों को निशाना बनाते हुए कसम खाई है कि जब तक अमेरिका अपने हमले बंद नहीं करता, वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद रखेगा। इधर ईरान ने अमेरिका के ताकतवर MQ-9 ड्रोन को गिराने का दावा किया है।
इससे पहले अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के केश्म द्वीप, बंदर अब्बास, सीरिक, चाबहार, कोनारक, रास्क शहर, खोंदाब और पश्चिमी शहर खुर्रमआबाद सहित कई इलाकों में भीषण धमाके सुने गए। वहीं ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक अहवाज़ शहर में शाहिद बगैई अस्पताल भी अमेरिकी हमले की चपेट में आ गया। इस हमले में अस्पताल के बच्चों के कैंसर इलाज के विभाग को भारी नुकसान पहुंचा है। कीमोथेरेपी करा रहे बच्चों और अन्य कैंसर मरीजों को आनन-फानन में अस्पताल से बाहर निकालना पड़ा।
पहले से तगड़ा वार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ नया मोर्चा खोला है और पहले से ज्यादा बड़ा हमला करने की बात भी कही है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक ताजा अमेरिकी हमलों में अब तक 35 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 300 से अधिक घायल हुए हैं। इस ताजा हिंसा के दौरान पहली बार ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास के इलाकों को भी निशाना बनाया गया है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, गुरुवार तड़के अमेरिकी हमलों में तेहरान के आसपास के कई इलाकों को निशाना बनाया गया।
ईरान का पलटवार
जवाब में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी खाड़ी देशों पर हमले किए हैं। IRGC ने बताया है कि ईरानी बलों ने बहरीन में स्थित अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट को निशाना बनाया। वहीं, जॉर्डन की सेना ने दावा किया कि उसने भी ईरान की ओर से दागी गई तीन मिसाइलों को मार गिराया। IRGC ने यह भी दावा किया कि उसने दक्षिण-पश्चिमी शहर अंदीमेश्क के ऊपर एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को नई एयर डिफेंस प्रणाली से मार गिराया।
ट्रंप ने और हमलों की चेतावनी दी
इस बीच 24 घंटे में तीसरे अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान शांति समझौते के लिए तैयार है। उन्होंने एक बयान में कहा, “उन्हें हमारे हमले पसंद नहीं आ रहे और वे समझौता करना चाहते हैं। देखेंगे कि समझौता होता है या हम इसे पूरी तरह खत्म कर देते हैं।” इससे पहले फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान बातचीतके लिए राजी नहीं हुआ तो अगले सप्ताह पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाया जाएगा। उन्होंने कहा था, “अगला सप्ताह उनके लिए बेहद खराब होगा।”
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


