फिर शुरू हो गई जंग? ईरान ने अमेरिकी हमले का लिया बदला; US एयरबेस पर ताबड़तोड़ अटैक

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इस बार जंग का अखाड़ा बंदर अब्बास पोर्ट है। ईरान के दक्षिणी तट पर स्थित यह बंदरगाह US के निशाने पर है। यह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ही है, जिसे लेकर तनाव अब भी बना हुआ है।

फिर शुरू हो गई जंग? ईरान ने अमेरिकी हमले का लिया बदला; US एयरबेस पर ताबड़तोड़ अटैक

US-Iran News: ईरान और अमेरिका के बीच एक बात फिर युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए हैं। अमेरिका के हमले के बाद अब ईरान भी हमलावर हो गया है। IRGC ने गुरुवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक अमेरिकी एयरबेस पर अटैक कर दिया है। IRGC ने खुद इसकी पुष्टि की है। हालांकि यह हमला किस बेस पर हुआ है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि इससे पहले अमेरिका ने होर्मुज के पास स्थित ईरानी ठिकानों को 48 घंटों में दूसरी बार निशाना बनाया था जिससे ईरान भड़का हुआ है।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी तस्नीम की एक रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी सुरक्षा बलों ने यह कार्रवाई गुरुवार तड़के स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5 बजे की। IRGC ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि उन्होंने अमेरिकी सेना के एक एक्टिव एयरबेस पर मिसाइलें दागी हैं। बयान में यह भी कहा गया कि यह हमला अमेरिकी सेना के हमले के जवाब में किया गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदर अब्बास हवाई अड्डे के पास हमला किया था।

3 महीने से जारी है जंग

इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों ने बताया था कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ रक्षात्मक कार्रवाई की है। इस दौरान अमेरिका ने ईरान के कई ड्रोन तबाह कर दिए। अधिकारियों के बताया कि, ये ड्रोन होर्मुज में खतरा बन सकते थे। बता दें कि दोनों देशों के बीच 28 फरवरी को भीषण जंग शुरू हो गई थी, जिसके बाद एक अस्थायी युद्धविराम हुआ था। हालांकि दोनों पक्ष लगातार एक दूसरे पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं। वहीं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भी तनातनी बनी हुई है। अब नए हमलों में क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

खतरे में समझौता

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि ईरान 'आखिरी सांसें गिन रहा है।' उन्होंने यह भी कहा है कि वे जल्दबाजी में कोई समझौता नहीं करेंगे। कैबिनेट की एक बैठक के बाद ट्रंप ने कहा है कि जल्द ही एक समझौता हो सकता है। हालांकि बातचीत अब भी अधर में है। दोनों पक्षों के बीच ईरान के परमाणु सामग्री को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है। जहां अमेरिका चाहता है कि ईरान अपना एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंप दे, वहीं ईरान ने साफ कहा है कि इसके लिए कभी सहमति नहीं देगा। ऐसे में बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है।

अब बंदर अब्बास बना अखाड़ा

US और ईरान के बीच अब बंदर अब्बास जंग का अखाड़ा बन गया है। दरअसल बंदर अब्बास ईरान के दक्षिणी तट पर स्थित एक बेहद संवेदनशील सैन्य और व्यापारिक पोर्ट सिटी है। इस पूरे इलाके को ईरान की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा की लाइफलाइन माना जाता है। अब अमेरिका ने बंदर अब्बास पोर्ट के आसपास के ठिकानों को निशाना बनाया है। अमेरिकी नौसेना ने यहां होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने का आरोप लगाकर IRGC के जहाजों और बंदर अब्बास में ड्रोन कंट्रोल स्टेशनों को निशाना बनाया, जिससे ईरान आगबबूला हो गया है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।