अमेरिका ने अब ब्रिटेन में उतारे भारी हथियारों से लैस दर्जनों सैन्य विमान, कहां हमले की तैयारी?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते कुछ दिनों में ईरान, ग्रीनलैंड, कोलंबिया, नाइजीरिया समेत कई अन्य देशों के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी है, जिसके बाद सैन्य विमानों की तैनाती ने तनाव को और बढ़ा दिया है।
बीते दिनों वेनेजुएला पर अचानक हमला करने के बाद अब अमेरिका यूरोप में संभावित रूप से नई साजिश रच रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते कुछ दिनों में भारी हथियारों से लैस दर्जनों अमेरिकी सैन्य विमान ब्रिटेन में उतरे हैं। अमेरिका के इस कदम को लेकर तनाव और बढ़ गया है और कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिका का अगला निशाना कौन होगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक कम से कम 14 C-17 ग्लोबमास्टर III कार्गो विमान के अलावा 2 AC-130J घोस्ट राइडर गनशिप्स को ब्रिटेन के रॉयल एयर फोर्स (RAF) के फैयरफोर्ड (ग्लॉसेस्टरशायर), मिल्डेनहॉल और लेकनहेथ (सफोल्क) में उतारा गया है। बता दें कि C-17 ग्लोबमास्टर लंबी दूरी के एयरलिफ्ट मिशनों के लिए इस्तेमाल होने वाला बड़ा युद्धवाहक विमान है। वहीं AC-130J गनशिप में तोपें, बम और मिसाइलें ट्रांसपोर्ट की जाती हैं।
अमेरिका की बड़ी तैयारी
इसके अलावा ब्रिटेन के हेंगरों में कम से कम पांच MH-60M ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और एक MH-47G चिनूक हेलीकॉप्टर भी देखे गए हैं। इन हेलीकोप्टरों का इस्तेमाल विशेष अभियान के दौरान लॉजिस्टिक्स के लिए किया जाता है। इस बीच मंगलवार को एक अमेरिकी KC-135R स्ट्रैटोटैंकर रिफ्यूलिंग विमान भी मिल्डेनहॉल में उतरा, जो कि लंबी उड़ानों के लिए ईंधन भरने की क्षमता रखता है।
बड़ी कार्रवाई की आशंका इसीलिए भी जताई जा रही है कि क्योंकि जॉर्जिया के हंटर आर्मी एयरफील्ड और केंटकी के फोर्ट कैंपबेल से भी कुछ विमानों ने उड़ान भरी है। यह रेजिमेंट ‘नाइट स्टॉकर्स’ के नाम से जाना जाता है और वेनेजुएला पर हमले और मादुरो को पकड़ने के मिशन में इस रेजिमेंट ने अहम भूमिका निभाई थी।
ट्रंप की धमकी
गौरतलब है कि अमेरिका ने बीते शनिवार को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं बीते कुछ दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान, ग्रीनलैंड, कोलंबिया, नाइजीरिया समेत कई अन्य देशों के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी है, जिसके बाद सैन्य विमानों की तैनाती ने चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
ब्रिटेन ने क्या कहा?
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय (MoD) ने कहा है कि वे अन्य देशों की ऑपरेशनल गतिविधियों पर टिप्पणी नहीं करते। हालांकि यह भी कहा गया है कि अमेरिका ब्रिटेन का प्रमुख रक्षा और सुरक्षा साझेदार है और दोनों देशों के बीच गहरे रक्षा संबंध हैं।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




