ईरान पर लगातार दूसरे दिन अमेरिका ने की बमबारी, डोनाल्ड ट्रंप ने चेताया- बहुत बुरा अंजाम होगा
इससे पहले मीडिया से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया था कि अमेरिका का रुख बेहद आक्रामक रहने वाला है। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सेना शायद आज रात फिर ईरान पर बड़ा हमला करेगी।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर लगातार दूसरे दिन की भारी बमबारी की गई। इतना ही नहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी भी दी है। गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखते हुए ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं तो स्थितियां और ज्यादा बदतर हो जाएंगी। डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, "यह ईरान द्वारा कल मालवाहक जहाजों पर किए गए हमलों के प्रतिशोध में की गई कार्रवाई है। अगर ऐसा दोबारा हुआ, तो अंजाम बहुत बुरा होगा!"
ट्रंप की यह चेतावनी अमेरिकी सेंट्रल कमांड द्वारा ईरान के खिलाफ हवाई हमले शुरू करने के तुरंत बाद आई है। अमेरिकी सेना ने इसे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेहरान की अनुचित आक्रामकता का करारा जवाब बताया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स पर लिखा, "कमांडर इन चीफ यानी कि राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सेनाओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए अतिरिक्त हमले शुरू कर दिए हैं।"
अमेरिकी कमांड ने आगे कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में स्वतंत्र रूप से यात्रा कर रहे जहाजों और क्रू सदस्यों के खिलाफ की गई आक्रामकता के लिए सीधे तौर पर ईरान को जवाबदेह ठहरा रहा है।
बंदर अब्बास और सिरीक में फिर गूंजे धमाके
यह सैन्य कार्रवाई ओमान के तट के पास कई मर्चेंट जहाजों को निशाना बनाए जाने के ठीक एक दिन बाद हुई है। बुधवार को हुए पहले दौर के हमलों के बाद गुरुवार को लगातार दूसरे दिन अमेरिकी युद्धक विमानों और मिसाइलों ने ईरान के सैन्य ठिकानों और बंदरगाह सुविधाओं को निशाना बनाया। ईरानी सरकारी मीडिया ने भी देश के दक्षिणी हिस्सों में भारी विस्फोटों की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार, रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर स्थित प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास और एक अन्य तटीय शहर सिरीक में लगातार दूसरे दिन भीषण धमाके सुने गए हैं।
इससे पहले मीडिया से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया था कि अमेरिका का रुख बेहद आक्रामक रहने वाला है। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सेना शायद आज रात फिर ईरान पर बड़ा हमला करेगी। हालांकि, उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि यह आमने-सामने की लड़ाई किसी दीर्घकालिक सैन्य कार्रवाई में नहीं बदलेगी। ट्रंप ने कहा, "जो कुछ भी होना है वह बहुत तेजी से होगा।"
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को घुटनों पर लाने के लिए उसके नागरिक बुनियादी ढांचे को नेस्तनाबूद करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान नहीं सुधरा तो अमेरिका उसके बिजली संयंत्रों, पानी साफ करने वाले डिसेलिनेशन प्लांटों को उड़ा देगा और ईरान के सबसे प्रमुख तेल-उत्पादन केंद्र खार्ग द्वीप को अपने कब्जे में ले लेगा।
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


