अमेरिका ने लिया सैनिकों की मौत का बदला, इस इस्लामिक देश में जमकर बरसाए बम
अमेरिकी सेना ने सीरिया में आतंकी संगठन आईएसआईएस के ठिकानों पर बमबारी की है। पीट हेगसेथ के मुताबिक यह ऑपरेशन पिछले हफ्ते अमेरिकी सैनिकों पर हुए जानलेवा हमले के जवाब में था। उन्होंने कहा कि अभी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
US Army bombs ISIS targets in Syria: अमेरिकी सेना ने शुक्रवार शाम को सीरिया स्थित आतंकी संगठन आईएसआईएस के ठिकानों पर जमकर बम बरसाए। रक्षा विभाग के मुताबिक इस हमले को 'ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक' नाम दिया गया है। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक यूएस वायुसेना की तरफ से की गई यह कार्रवाई इस महीने की शुरुआत में सैनिकों के ऊपर हुए एक जानलेवा हमले के बदले को लेकर हुई। इस हमले में दो सैनिक मारे गए थे।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस हमले की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें आईएसआईएस के लड़ाकों, ढांचा और हथियार ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इतना ही नहीं हॉकआई ने कहा अभी यह केवल एक शुरुआत है। उन्होंने लिखा, "यह युद्ध की शुरुआत नहीं है... यह बदले की घोषणा है। आज हमने अपने दुश्मनों का शिकार किया और उन्हें बड़ी संख्या में मार गिराया। हम यह सिलसिला जारी रखेंगे।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले की जानकारी रखने वाले एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि सीरिया के मध्य में ठिकाना बनाकर बैठे इन आतंकियों के दर्जनों ठिकानों पर एक साथ हमला किया गया। इस ऑपरेशन में एफ-15ईगल, ए-10 थंडरबोल्ट और अपाचे जैसे विमानों ने अपना जौहर दिखाया। इसके अलावा पेंटागन ने इस ऑपरेशन पर कोई भी जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।
आपको बता दें, इस पूरे घटनाक्रम की शुरूआत पिछले हफ्ते अमेरिकी सैनिकों पर हमले के बाद हुई थी। पलमायरा के रेगिस्तानी इलाके में अपनी ड्यूटी कर रहे दो अमेरिकी जवानों पर हुए इस हमले में दो सैनिक और एक अमेरिकी दुभाषिए की मौत हो गई थी, जबकि तीन अमेरिकी सैनिक घायल हुए थे। यूएस आर्मी के मुताबिक, यहां पर सीरियाई और अमेरिकी बलों के काफिले को एक हमलावर धोखे से निशाना बनाया था, जिसे बाद में मार दिया गया।
इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चिरपरिचित अंदाज में बदला लेने की बात कही थी। उन्होंने बहुत ही गंभीर जवाबी कार्रवाई का वादा किया था। ऑपरेशन हॉकआई की घोषणा के बाद वाइट हाउस की वाइट प्रेस सचिव एना केली ने कहा कि राष्ट्रपति ने अपना वादा निभाया है।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




