US ने बांग्लादेश के साथ किया खेल, थोड़ी राहत के बदले मांग लिया बाजार, अरबों का बिल थमाया
बीते साल अप्रैल में अमेरिका ने जवाबी शुल्क का ऐलान किया था। उस दौरान बांग्लादेश पर 37 फीसदी टैरिफ लगाया गया था। बाद में अगस्त में इसे घटाकर 20 प्रतिशत किया गया था। अब ताजा समझौते के बाद यह घटकर 19 फीसदी पर आ गया है।

बांग्लादेश ने अमेरिका के साथ एक व्यापार समझौता किया है जिसके तहत उस पर लगने वाला शुल्क घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके तहत अमेरिकी सामग्री से निर्मित कुछ वस्त्र एवं परिधान उत्पादों को छूट भी मिलेगी। अमेरिका समर्थक रुख के लिए पहचाने जाने वाले यूनुस ने कहा कि यह समझौता पिछले साल अप्रैल से नौ महीने की बातचीत के बाद हुआ है। हालांकि, इस डील के बदले बांग्लादेश को अमेरिका से अरबों डॉलर का सामान खरीदना होगा। इसके अलावा कई और भी शर्तें शामिल हैं।
वाणिज्य सचिव महबूबुर रहमान के अनुसार, अमेरिका से इम्पोर्ट किया हुआ कॉटन और कृत्रिम रेशों से बने बांग्लादेश के प्रमुख निर्यात उत्पाद रेडीमेड गारमेंट्स (RMG) को इस समझौते के तहत शून्य शुल्क देना होगा। उन्होंने कहा कि समझौते पर अमेरिका में वाणिज्य सलाहकार शेख बशीर उद्दीन और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने हस्ताक्षर किए।
बांग्लादेश पर लगा दीं ये शर्तें
अमेरिकी उत्पाद के लिए खोलने होंगे बाजार
बांग्लादेश अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों को अपने बाजार में विशेष प्राथमिकता और आसान पहुंच देने के लिए सहमत हो गया है। इसके तहत अब अमेरिका से आने वाले रसायनों, चिकित्सा उपकरणों, भारी मशीनरी, मोटर वाहनों और उनके पुर्जों को बांग्लादेशी बाजार में खास रियायत मिलेगी। साथ ही, इंटरनेट और संचार तकनीक (ICT) के उपकरण, ऊर्जा उत्पाद, सोया उत्पाद, डेयरी उत्पाद, बीफ, पोल्ट्री, फल और सूखे मेवों जैसे अमेरिकी सामान भी अब बांग्लादेश में प्राथमिकता के साथ बेचे जा सकेंगे।
डेटा का लेन-देन
बांग्लादेश इस बात पर राजी हो गया है कि वह डेटा को बिना किसी रोक-टोक के देशों के बीच आने-जाने देगा और इंटरनेट के जरिए होने वाले लेन-देन पर टैक्स न लगाने के वैश्विक फैसले का समर्थन करेगा। साथ ही, वह विज्ञान और सुरक्षा के नियमों को मानकर अमेरिका के खाने-पीने और खेती के सामान को अपने यहां आने की इजाजत देगा।
अमेरिका से खरीदना होगा अरबों का सामान
बांग्लादेश अब अमेरिका से विमानों की खरीद करेगा और साथ ही करीब 3.5 अरब डॉलर के अमेरिकी कृषि उत्पाद जैसे गेहूं, सोयाबीन, कपास और मक्का खरीदेगा। इसके अलावा, वह अगले 15 वर्षों में अनुमानित 15 अरब डॉलर की कीमत के अमेरिकी ऊर्जा उत्पादों (तेल और गैस) की खरीदारी भी करेगा।
पहले कितना था टैरिफ
बीते साल अप्रैल में अमेरिका ने जवाबी शुल्क का ऐलान किया था। उस दौरान बांग्लादेश पर 37 फीसदी टैरिफ लगाया गया था। बाद में अगस्त में इसे घटाकर 20 प्रतिशत किया गया था। अब ताजा समझौते के बाद यह घटकर 19 फीसदी पर आ गया है।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



