ब्रिटेन में रक्षा बजट पर घमासान, रक्षा मंत्री जॉन हीली ने दिया इस्तीफा; पीएम स्टार्मर पर गंभीर आरोप
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने गुरुवार को पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि बढ़ते खतरे के समय सरकार सेना पर समुचित खर्च करने की इच्छुक नहीं है। हीली ने प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से कहा कि सरकार का रक्षा निवेश इस खतरनाक समय में आवश्यकता से कहीं कम है।

ब्रिटेन की लेबर सरकार को बड़ा झटका लगा है। रक्षा मंत्री जॉन हीली ने गुरुवार को प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ सैन्य खर्च को लेकर चल रहे विवाद के बाद इस्तीफा दे दिया है। अपने कड़े शब्दों वाले इस्तीफा पत्र में हीली ने पीएम स्टार्मर और वित्त मंत्रालय पर आरोप लगाया कि वे बढ़ते अंतरराष्ट्रीय खतरों के बीच देश की रक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रहे हैं। यह इस्तीफा स्टार्मर सरकार के लिए सबसे बुरे समय में आया है। पहले से ही अपने नेतृत्व को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे प्रधानमंत्री अब अपनी ही कैबिनेट से विद्रोह और आंतरिक दबाव झेल रहे हैं।
रक्षा निवेश योजना पर गहरा मतभेद
हीली के इस्तीफे का सीधा कारण सरकार की बहुप्रतीक्षित रक्षा निवेश योजना (Defence Investment Plan) को लेकर विवाद था। हीली ने कहा कि योजना का नवीनतम संस्करण ब्रिटेन की वर्तमान सुरक्षा जरूरतों से काफी नीचे है। इस्तीफा पत्र में उन्होंने लिखा कि आप देश की रक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों को आवंटित करने में असमर्थ रहे हैं और वित्त मंत्रालय भी इस दिशा में तैयार नहीं है, खासकर तब जब खतरे लगातार बढ़ रहे हैं।
दरअसल, योजना पिछले साल जारी होनी थी, लेकिन रक्षा मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के बीच खर्च के स्तर को लेकर चले लंबे विवाद के कारण इसमें बार-बार देरी हुई। सैन्य अधिकारी और रक्षा विशेषज्ञ पहले ही चेतावना दे चुके हैं कि सुरक्षा चुनौतियों के इस दौर में देरी देश की तैयारियों को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। हीली ने बताया कि इस सप्ताह उन्हें जो वित्तीय समझौता मिला है, उसके अनुसार 2030 तक ब्रिटेन का रक्षा खर्च जीडीपी का केवल 2.68 प्रतिशत ही रहेगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बढ़ती जिम्मेदारियों और बिगड़ते वैश्विक सुरक्षा माहौल को देखते हुए यह आंकड़ा पूरी तरह अपर्याप्त है। पूर्व रक्षा सचिव लगातार मांग कर रहे थे कि 2030 तक रक्षा खर्च को जीडीपी का 3 प्रतिशत तक बढ़ाया जाए, ताकि ब्रिटेन यूरोप के अन्य सहयोगी देशों से पीछे न रहे।
बढ़ती सुरक्षा जिम्मेदारियां
हीली ने अपने पत्र में लिखा कि हाल के महीनों में ब्रिटेन की रक्षा संबंधी जिम्मेदारियां काफी बढ़ गई हैं। देश अब होर्मुज स्ट्रेट में बहुराष्ट्रीय मिशन का नेतृत्व कर रहा है, आर्कटिक में नाटो के सेंट्री मिशन की देखरेख कर रहा है और यूक्रेन में संभावित भविष्य की भूमिका की भी तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा संबंधी मांगें बढ़ रही हैं और आपने सहयोगियों के प्रति जो प्रतिबद्धताएं की हैं, वे भी बढ़ गई हैं। लेकिन जो डीआईपी समझौता मुझे मिला है, वह इस खतरनाक समय की जरूरतों से बहुत कम है।
स्टार्मर पर बढ़ता दबाव
हीली का इस्तीफा हाल ही में स्वास्थ्य सचिव वेस स्ट्रीटिंग के इस्तीफे के बाद आया है, जिससे लेबर पार्टी के अंदर बढ़ती अशांति और स्पष्ट हो गई है। पार्टी के अंदर स्टार्मर की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं। संसद में भी सरकार की रक्षा नीति की कमी पर नाराजगी बढ़ रही है। हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर लिंडसे होयल ने संसद को बिना बताए योजना पेश करने की खबरों की कड़ी आलोचना की और इसे 'सांसदों के साथ घोर अपमान' बताया।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


