गोलियां बरसा रहा था हमलावर, तभी शख्स ने कूदकर छीन ली बंदूक और फिर... देखें VIDEO
लगातार फायरिंग हो रही है। तभी एक शख्स बंदूकधारी हमलावर पर कूद जाता है। न सिर्फ कूदता है बल्कि उसकी बंदूक छीनकर उसी के ऊपर तान देता है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बांडी बीच पर हुए हमले में इस शख्स की बहादुरी चर्चा में है।

लगातार फायरिंग हो रही है। तभी एक शख्स बंदूकधारी हमलावर पर कूद जाता है। न सिर्फ कूदता है बल्कि उसकी बंदूक छीनकर उसी के ऊपर तान देता है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बांडी बीच पर हुए हमले में इस शख्स की बहादुरी चर्चा में है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि अगर उसने ऐसी बहादुरी नहीं दिखाई होती तो मरने वालों की संख्या और ज्यादा होती। बता दें कि सिडनी के बांडी बीच पर हुई गोलीबारी में 11 लोग मारे गए हैं। इस घटना से ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री समेत तमाम शख्सियतें आहत हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो में इस अनजान शख्स की तारीफ की गई है। वीडियो में नजर आ रहा है कि हमलावर गोलियां बरसा रहे हैं। इसी बीच एक शख्स छुपते-छुपाते वहां पहुंचता है और कार के पीछे से अचानक निकलकर हमलावर पर कूद पड़ता है। इसके बाद वह बंदूक छीनकर उसी पर तान देता है। इसके बाद हमलावर वहां से पीछे हटने लगता है। वीडियो में आगे दिखता है कि बंदूक छीनने के बाद वह शख्स उसे एक पिलर के पास रख देता है। आगे हमलावर असहाय सा खड़ा नजर आता है। वहीं, दो अन्य हमलावर दूर ब्रिज से गोलियां बरसाते नजर आ रहे हैं। एक अन्य शख्स ब्रिज के उस पार से इन हमलावरों पर निशाना साधता नजर आ रहा है।
पहचान आई सामने
इस शख्स की पहचान भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यह मेलबर्न निवासी 32 वर्षीय लाचलान मोरान है। मोरान ने बताया कि वह पास ही में अपने परिवार का इंतजार कर रहे थे, तभी उन्हें गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने कहाकि सब लोग अपना सारा सामान छोड़कर भागने लगे, लोग रो रहे थे, और यह सब बहुत भयानक था।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) की राजधानी सिडनी के रोज बे इलाके के बांडी बीच पर रविवार को अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। अंधाधुंध गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने एक हमलावर को मार गिराया जबकि अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। ‘ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’ (एबीसी) ने अपनी खबर में यह जानकारी दी। एक पुलिस प्रवक्ता के हवाले से एबीसी ने बताया कि इस हमले में 12 लोग घायल भी हुए हैं। इसमें कहा गया कि एक हमलावर को मार गिराया गया जबकि दूसरे को गिरफ्तार किया गया है।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


