नए साल की शुरुआत में ही यूक्रेन का रूस पर ड्रोन हमला, खेरसॉन में 24 लोगों की मौत
रूसी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि खेरसोन क्षेत्र में नव वर्ष समारोह के दौरान यूक्रेनी ड्रोन द्वारा एक कैफे और एक होटल पर हमले में एक बच्चे सहित कम से कम 24 लोग मारे गए और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह हमला 2026 की सुबह तड़के हुआ

रूस यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। रूसी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि खेरसोन क्षेत्र में नव वर्ष समारोह के दौरान यूक्रेनी ड्रोन द्वारा एक कैफे और एक होटल पर हमले में एक बच्चे सहित कम से कम 24 लोग मारे गए और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह हमला 2026 की सुबह तड़के हुआ और उस स्थान को निशाना बनाया गया जहां नागरिक नए साल का जश्न मनाने के लिए एकत्रित हुए थे। यह घटना ऐसे समय हुई जब दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन तनाव लगातार बढ़ रहा है।
रूस द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय प्रमुख व्लादिमीर साल्दो ने टेलीग्राम पर जारी एक बयान में कहा कि काला सागर तट पर स्थित रिसॉर्ट कस्बे खोरली में एक कैफे और होटल को निशाना बनाते हुए तीन ड्रोन हमले किए गए। उनके अनुसार, इनमें से एक ड्रोन में ज्वलनशील मिश्रण था, जिससे आग लग गई। विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि यह हमला यूएवी का उपयोग करके किया गया था। बयान में आगे कहा गया है कि 70 से अधिक निवासियों के लिए नया साल एक त्रासदी में बदल गया। इस घटना में 24 लोग मारे गए, 50 से अधिक घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रभावित लोगों में 6 से 17 वर्ष की आयु के छह बच्चे शामिल हैं, जिनमें से एक बच्चे की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने आगे आरोप लगाया कि हमला 'पूर्वनियोजित' था, और कहा कि ड्रोन को उस स्थान पर टार्गेट किया गया था जहां लोग नव वर्ष मना रहे थे।
यह बयान ऐसे समय आया है जब मॉस्को ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन ने मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक आधिकारिक आवास पर लंबी दूरी के ड्रोन से हमला किया। हालांकि, कीव ने इन आरोपों को 'झूठ' करार दिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें कथित रूप से गिराए गए ड्रोन को दिखाया गया है। वीडियो में बर्फ पर पड़े क्षतिग्रस्त ड्रोन के पास सैन्य वेश में एक व्यक्ति खड़ा नजर आता है, लेकिन न तो स्थान और न ही तारीख की जानकारी दी गई है। इन दावों और वीडियो की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।
इस बीच, यूक्रेन ने पुतिन के आवास पर हमले के आरोपों को जारी शांति वार्ता को पटरी से उतारने की कोशिश बताया है। हाल के हफ्तों में अटलांटिक के दोनों ओर शांति प्रयासों में तेजी आई है। नववर्ष के संबोधन में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि शांति समझौता '90 प्रतिशत तैयार' है, लेकिन शेष 10 प्रतिशत में क्षेत्रीय विवाद जैसे अहम मुद्दे शामिल होंगे, जो शांति, यूक्रेन और यूरोप के भविष्य का फैसला करेंगे।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने बुधवार को कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो और ट्रंप के सलाहकार जेरेड कुशनर के साथ ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और यूक्रेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों से “सार्थक” बातचीत की है। विटकॉफ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि चर्चा यूरोपीय शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने, सुरक्षा गारंटी मजबूत करने और युद्ध को समाप्त करने तथा इसके दोबारा शुरू होने से रोकने के उपायों पर केंद्रित रही। यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार रुस्तेम उमेरोव ने भी पुष्टि की कि यूरोपीय और यूक्रेनी अधिकारी शनिवार को बैठक करेंगे, जबकि राष्ट्रपति जेलेंस्की अगले सप्ताह यूरोपीय नेताओं से बातचीत करने वाले हैं।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




