युद्ध के बीच फंसे यात्रियों के लिए अच्छी खबर, UAE ने किया स्पेशल फ्लाइट्स का इंतजाम

Mar 02, 2026 08:49 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

ईरान के हमलों से खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख हवाई अड्डे बंद हो गए हैं, जिससे लाखों यात्री फंस गए हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अबू धाबी का ज़ायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दोहा के हवाई अड्डे पर सीधे हमले हुए हैं। बड़ी संख्या में लोग बाहर निकलना चाहते हैं।

युद्ध के बीच फंसे यात्रियों के लिए अच्छी खबर, UAE ने किया स्पेशल फ्लाइट्स का इंतजाम

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने युद्ध के बीच फंसे यात्रियों के लिए अच्छी खबर दी है। इसने सोमवार को घोषणा की कि देश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों से स्पेशल फ्लाइट्स ऑपरेट की जा रही हैं, ताकि संघर्ष के कारण फंसे हुए यात्रियों को निकाला जा सके और उनकी वापसी संभव हो सके। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र बंद होने से दुबई, अबू धाबी सहित कई एयरपोर्ट्स प्रभावित हुए। इसके चलते हजारों उड़ानें रद्द हुईं और दुनिया भर में लाखों यात्री प्रभावित हुए। यूएई सरकार ने पहले ही फंसे यात्रियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था की थी। अब विशेष उड़ानों के माध्यम से उनकी निकासी को प्राथमिकता दी जा रही है।

फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, अबू धाबी से तीन घंटे के समय में एतिहाद एयरवेज के कुल 15 पैसेंजर विमान उड़ान भर चुके हैं, जो संभवतः संघर्ष शुरू होने के बाद से वहां फंसे यात्रियों को निकालने में मदद कर रहे हैं। आज अबू धाबी से अन्य उड़ानों में 2 एतिहाद कार्गो विमान, 2 इंडिगो एयरबस A320, और 1 लुफ्थांसा A380 भी शामिल हैं।

अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं, जिससे पश्चिम एशिया में युद्ध का विस्तार हो गया है। शनिवार से शुरू हुए इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई सहित कई शीर्ष नेता मारे गए हैं। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइल साइटों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल, अमेरिकी ठिकानों और खाड़ी देशों पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए हैं, जिसमें दुबई, अबू धाबी और दोहा के हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचा है। इस संघर्ष से वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ी हैं और यात्रा व्यवस्था ठप हो गई है। कई देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।

खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख हवाई अड्डे बंद

ईरान के जवाबी हमलों से खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख हवाई अड्डे बंद हो गए हैं, जिससे लाखों यात्री फंस गए हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अबू धाबी का ज़ायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दोहा के हवाई अड्डे पर सीधे हमले हुए हैं। एमिरेट्स एयरलाइंस ने सोमवार शाम से सीमित उड़ानें फिर से शुरू करने की घोषणा की है, जबकि एतिहाद एयरवेज ने कुछ विशेष उड़ानें ऑपरेट की हैं, जैसे मॉस्को, एम्स्टर्डम और पेरिस के लिए। फ्लाई दुबई ने भी कुछ आने-जाने वाली उड़ानें बहाल की हैं। हालांकि, कतर एयरवेज ने उड़ानें निलंबित रखी हैं और मंगलवार सुबह अपडेट देने की बात कही है।

इंडोनेशिया के 58 हजार यात्री सऊदी अरब में फंसे

यह संकट वैश्विक यात्रा पर भारी असर डाल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इंडोनेशिया के 58 हजार से अधिक उमराह यात्री सऊदी अरब में फंसे हैं। जर्मनी के 30 हजार पर्यटक क्रूज जहाजों और होटलों में अटके हैं। ब्रिटेन, चेक गणराज्य और अन्य देश अपने नागरिकों को निकालने के प्रयास कर रहे हैं। एयर फ्रांस, एयर इंडिया और केएलएम जैसी एयरलाइंस ने मध्य पूर्व की उड़ानें रद्द कर दी हैं। वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट आई है, विशेष रूप से एयरलाइंस और होटल कंपनियों के शेयरों में 5-6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। कई सरकारें हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम स्थापित कर रही हैं।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।