UAE ने पाकिस्तानियों के लिए लगा दी 'नो एंट्री' का बोर्ड, आखिर क्या है असली वजह?
पाकिस्तान के अतिरिक्त गृह सचिव सलमान चौधरी ने गुरुवार को सीनेट की स्थायी मानवाधिकार समिति को बताया कि UAE ने नीले पासपोर्ट और राजनयिक पासपोर्ट को छोड़कर सभी पाकिस्तानी पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा जारी करने पर अनौपचारिक रोक लगा दी है।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सामान्य वीजा जारी करना अनौपचारिक रूप से पूरी तरह रोक दिया है। पाकिस्तान के अतिरिक्त गृह सचिव सलमान चौधरी ने गुरुवार को सीनेट की स्थायी मानवाधिकार समिति को बताया कि UAE ने नीले पासपोर्ट (सरकारी) और राजनयिक पासपोर्ट को छोड़कर सभी पाकिस्तानी पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा जारी करने पर अनौपचारिक रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि UAE और सऊदी अरब दोनों ही पाकिस्तानी पासपोर्ट पर औपचारिक/पूर्ण प्रतिबंध लगाने से बच रहे हैं, क्योंकि एक बार औपचारिक प्रतिबंध लग जाने के बाद उसे हटाना बहुत मुश्किल हो जाता है।
समिति की अध्यक्ष सीनेटर वलीद इकबाल और सीनेटर समीना मुमताज ज़हरी ने भी इसकी पुष्टि की। उनके अनुसार, यह कदम उन घटनाओं के बाद उठाया गया है जिसमें पाकिस्तानी पर्यटक और विजिट वीजा धारक UAE में अवैध गतिविधियों और अपराधों में लिप्त पाए गए। समीना जहरी ने कहा कि UAE की मुख्य चिंता यह है कि पाकिस्तान से आने वाले लोग वहां पहुंचकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। अभी बहुत कम वीजा जारी हो रहे हैं, वो भी बेहद मुश्किल प्रक्रिया के बाद।
दरअसल, यह समस्या पिछले कई महीनों से चली आ रही है। जुलाई 2025 से पाकिस्तानी आवेदनों की बड़े पैमाने पर अस्वीकारियां हो रही हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस मुद्दे को UAE के समकक्ष के सामने उठाया था। 11 जुलाई को हुई बैठक में UAE के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल शेख सैफ बिन जायेद अल नहयान ने 'पूर्ण सहयोग' का आश्वासन दिया था, लेकिन वीजा रोक हटाई नहीं गई।
इससे पहले अप्रैल 2025 में पाकिस्तान में तैनात UAE के राजदूत हमद ओबैद अल ज़ाबी ने दावा किया था कि वीजा मामले 'हल' हो गए हैं और पाकिस्तानियों को 5 साल का मल्टीपल एंट्री वीजा मिल सकता है, लेकिन अब इस्लामाबाद के अधिकारी उस बयान से पूरी तरह पलट चुके हैं और मान रहे हैं कि प्रतिबंध अभी भी पूरी तरह लागू है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


