पानी-पानी हुई दुबई की सड़कें, खाड़ी देशों में बारिश ने मचाया कहर; दर्जनों फ्लाइट्स रद्द
बारिश के बाद जलमग्न सड़कों की कई तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों ने अप्रैल 2024 की यादें ताजा कर दीं, जब रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद देश में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी।

खाड़ी देशों में इन दिनों बारिश ने जीना मुहाल कर दिया है। भारी बारिश और खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर UAE में देखा जा रहा है। पूरे देश में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के बाद जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं आलीशान इमारतों की नगरी दुबई भी पानी पानी हो गई है। दुबई की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें लोग गाड़ियों की लंबी कतारें पानी में डूबी हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं रास अल खैमाह में भारी बारिश के दौरान दीवार गिरने से 27 वर्षीय भारतीय प्रवासी सलमान फरीज की मौत हो गई।
बारिश की वजह से कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। दुबई की अमीरात एयरलाइन ने शुक्रवार को 13 उड़ानें रद्द कर दीं। वहीं रात भर हुई बारिश के बाद पड़ोसी शारजाह के हवाई अड्डे पर भी कई विमान देर से उड़ें और कई को रद्द भी करना पड़ा। शुक्रवार सुबह शारजाह की मुख्य सड़क पूरी तरह से पानी में डूब गई थी। इसके अलावा दुबई एयरपोर्ट से भी शुक्रवार को दर्जनों उड़ानें विलंबित हुईं और कुछ रद्द कर दी गईं। शुक्रवार सुबह, दुबई के आसपास पानी निकालने वाले ट्रक सड़कों से पानी और बड़े गड्ढों को साफ करते देखे गए।
इस बीच सड़के जलमग्न होने की वजह से लोगों को घरों से ना निकलने की सलाह भी दी गई है। गुरुवार को, दुबई पुलिस ने लोगों से जब तक बिल्कुल जरूरी न हो, घर में रहने की अपील की।इससे पहले राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार से शुक्रवार तक देश भर में भारी बारिश की चेतावनी दी थी, जिसमें दुबई और राजधानी अबू धाबी भी शामिल हैं।
अन्य देशों में भी कामकाज ठप
अन्य खाड़ी देशों में भी भारी बारिश हुई। कतर में गुरुवार को सऊदी अरब और UAE के बीच अरब कप फुटबॉल का एक प्ले-ऑफ मैच रद्द कर दिया गया। इससे पहले अप्रैल 2024 में बारिश ने यहां ऐसा ही उत्पात मचाया था। रिकॉर्ड बारिश के कारण बड़े पैमाने पर बाढ़ आई थी और दुबई के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




