तेज हवा... भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी कर दिया अलर्ट, स्कूल-कॉलेज ऑफिस सब बंद; जानें कहां
संक्षेप: फिलीपींस को तबाह करने के बाद तूफान फंग-वोंग तेजी से ताइवान की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान अब उत्तर-पश्चिम दिशा में ताइवान की ओर बढ़ रहा है। यही कारण है कि अधिकारियों ने स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को बंद करने का ऐलान किया है।
फिलीपींस को तबाह करने के बाद तूफान फंग-वोंग तेजी से ताइवान की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान अब उत्तर-पश्चिम दिशा में ताइवान की ओर बढ़ रहा है। यही कारण है कि अधिकारियों ने स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को बंद करने का ऐलान किया है। फोकस ताइवान की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय मौसम प्रशासन (सीडब्ल्यूए) ने चेतावनी जारी की है कि तूफान के करीब पहुंचने पर द्वीप के उत्तरी एवं पूर्वी भागों में सोमवार रात से जोरदार बारिश का अनुमान है। ऐसे में सतर्कता बरतते हुए अभी से अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जलडमरूमध्य की ओर बढ़ रहा तूफान
रिपोर्ट में बताया गया है कि सुबह 2 बजे तक तूफान ताइवान से करीब 580 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था और उत्तर-पश्चिमी दिशा में ताइवान जलडमरूमध्य की ओर बढ़ रहा था। सीडब्ल्यूए के अनुसार, फंग-वोंग धीरे-धीरे कमजोर होते हुए उत्तर-पूर्व दिशा में ताइवान की ओर मुड़ेगा। सोमवार रात से मंगलवार तक तूफान के बाहरी घेरे, उत्तर-पूर्वी तेज हवाओं के साथ मिलकर, कीलुंग, ग्रेटर ताइपे, पूर्वी ताइवान और दक्षिणी हेंगचुन प्रायद्वीप में मूसलाधार बारिश ला सकते हैं। ब्यूरो ने मध्य एवं दक्षिणी ताइवान में अधिक वर्षा की भी आशंका जताई है, क्योंकि तूफान पूरे द्वीप पर असर डाल रहा है। फोकस ताइवान के मुताबिक, गुरुवार तक मौसम में सुधार की उम्मीद है, हालांकि उत्तर में कभी-कभार तेज बारिश जारी रह सकती है।
मंगलवार को दिखेगा तूफान का असर
स्वतंत्र मौसम विशेषज्ञ वू दे-रॉन्ग ने फोकस ताइवान को बताया कि तूफान का चरम प्रभाव मंगलवार को दिखेगा, जब उत्तरी और पूर्वी ताइवान में भारी वर्षा होगी। उन्होंने कहा कि गुरुवार से स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगी और शनिवार तक देशभर में धूप-बादलों का मिश्रित मौसम रहेगा। सीडब्ल्यूए ने अनुमान लगाया है कि सोमवार को उत्तरी ताइवान और यिलान काउंटी में तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि मध्य एवं दक्षिणी इलाकों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
ताइवान के सबसे बड़े काउंटी हुआलिएन के अधिकारियों ने तूफान के आगमन पर गुआंगफू टाउनशिप के स्कूलों और कार्यालयों को बंद करने का आदेश जारी किया है। बाढ़ एवं भूस्खलन के खतरे को देखते हुए निचले इलाकों के निवासियों को तत्काल स्थान छोड़ने की सलाह दी गई है। फोकस ताइवान की रिपोर्ट के अनुसार, गुआंगफू टाउनशिप के दामा, दापिंग, डोंगफू, दातोंग, दान, दाहुआ और बेइफू जैसे कई गांवों के साथ ही फेंगलिन एवं वानरुंग टाउनशिप के लिए भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।
फिलीपीन में तूफान फंग-वोंग के कारण चार की मौत
गौरतलब है कि फिलीपीन में तूफान फंग-वोंग के कारण आई भारी बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है और 14 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो गए। फंग-वोंग का असर सबसे ज्यादा उत्तरी फिलीपीन पर पड़ा। इससे पहले फिलीपीन ने तूफान कालमेगी का सामना किया था, जिसके कारण कम से कम 224 लोगों की मौत हो गयी और बाद में वियतनाम में भी पांच लोगों की मौत हुई।
फंग-वोंग रविवार रात को औरोरा प्रांत में 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तट पर पहुंचा। तूफान के कारण लगभग 14 लाख लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका था, जबकि सोमवार तक तीन लाख 18 हजार लोग राहत शिविरों में रहे। तेज हवाओं और बारिश के कारण 132 गांवों में बाढ़ आ गई और लगभग 1000 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने फंग-वोंग और कालमेगी से हुई तबाही को देखते हुए आपातकाल घोषित किया है।
एजेंसी इनपुट के साथ

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




