
तूफान बुआलोई ने वियतनाम में मचाई तबाही, अब तक 8 की मौत; 17 लापता
वियतनाम के मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे तूफान का केंद्र न्घे आन प्रांत और लाओस सीमा के निकट तट पर पहुंच चुका था, जहां हवाओं की गति 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी। वियतनामी प्रशासन ने मछली पकड़ने वाली नावों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
तूफान बुआलोई ने सोमवार को वियतनाम में भयंकर तबाही मचाई। इस प्रलयंकारी तूफान से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 लोग लापता बताए जा रहे हैं। आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए है। कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। चक्रवाती तूफान बुआलोई के कारण वियतनाम के विभिन्न शहरों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान एजेंसी के मुताबिक, तूफान सोमवार सुबह उत्तरी मध्य तट से टकराया, जिससे आठ मीटर तक ऊंची लहरें उठीं।

सरकारी मीडिया के अनुसार, बचाव टीमें 17 लापता मछुआरों की तलाश कर रहे हैं। वियतनाम के मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे तूफान का केंद्र न्घे आन प्रांत और लाओस सीमा के निकट तट पर पहुंच चुका था, जहां हवाओं की गति 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी। वियतनामी प्रशासन ने मछली पकड़ने वाली नावों पर प्रतिबंध लगा दिया और चार तटीय हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन स्थगित कर दिया।
बताया गया कि रविवार आधी रात के बाद तूफान के आने से पहले ही कई घरों में बिजली गुल हो गई थी, जिससे जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। आपदा प्रबंधन एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि तूफान ने 245 घरों को पूरी तरह नष्ट कर दिया, लगभग 1400 हेक्टेयर धान और अन्य फसलों को जलमग्न कर दिया, और कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह टूट गया। रिपोर्ट में औद्योगिक संपत्तियों को बड़े नुकसान का के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि तूफान के रास्ते में फॉक्सकॉन, लक्सशेयर, फॉर्मोसा प्लास्टिक्स और विनफास्ट जैसी कंपनियों की फैक्टरियां स्थित हैं।
बताते चलें कि चक्रवाती तूफान बुआलोई के कारण वियतनाम में शनिवार से ही तेज बारिश जारी है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी हुई हैं। गौरतलब है कि वियतनाम पहुंचने से पहले बुआलोई ने फिलीपींस में भी भारी तबाही मचाई थी, जहां 10 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार रात से मंगलवार तक कई क्षेत्रों में 500 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज हो सकती है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




