
टीवी शो की तरह; मादुरो के खिलाफ अभियान पर ट्रंप, बोले- चार दिन मौसम का इंतजार किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में मादुरो के खिलाफ चलाए गए अभियान में किसी भी अमेरिकी की जान नहीं गई है। यह अभियान ऐसे लग रहा था जैसे वह कोई टीवी शो देख रहे हों।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में यूएस आर्मी ने वेनेजुएला के ऊपर शनिवार को जमकर एयर स्ट्राइक की। इतना ही नहीं वह राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को भी उनके घर से उठा लाए। इस घटना को लेकर ट्रंप ने कहा कि इस अभियान में किसी भी अमेरिकी की जान नहीं गई है। इस अभियान को वह लाइव देख रहे थे और ऐसा लग रहा था जैसे वह कोई टीवी शो देख रहे हों। वहां चारों तरफ अंधेरा था, खासतौर पर वेनेजुएला में, इस अभियान के लिए हमने चार दिनों तक मौसम के साफ होने का इंतजार किया।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी डेल्टा फोर्स ने पहले वेनेजुएला की राजधानी पर एयर स्ट्राइक की इसके बाद उन्होंने निकोलस मादुरो के निवास पर हमला किया। इस हमले में किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस अभियान के दौरान अमेरिकी हवाई जहाज को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन इसके बाद भी सभी लोग सही सलामत अमेरिकी धरती पर वापस आ गए।
इससे पहले ट्रंप ने डेल्टा फोर्स की तारीफ करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान वह लाइव देख रहे थे। सैन्य अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दुनिया का कोई भी देश ऐसा नहीं अभियान नहीं चला सकता। यह बहुत ही अद्भुत था। अगर किसी ने इस स्तर की हिंसा, स्पीड देखी होती तो वह रोमांचित हो उठता। हमारे लोगों ने कमाल कर दिया।
ट्रंप ने कहा कि हमारे पास हर स्थिति के लिए हथियार थे। सैनिक ऐसी जगह पर घुसे जहां पर घुसने लगभग नामुमकिन था। वहां पर स्टील के दरवाजे लगे हुए थे। उसे भी पल भर में गिरा दिया गया। हमारे सैनिक अद्भुत हैं, यह मत भूलिए कि उन्होंने दुनिया में कुछ बेहतरीन ऑपरेशन किए हैं।
वेनेजुएला में कौन शासन करेगा, हम तय करेंगे: ट्रंप
मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि इस ऑपरेशन के बाद वेनेजुएला का भविष्य क्या होगा, यह जल्दी ही तय किया जाएगा। उन्होंने कहा, "उस देश का शासन कौन संभालेगा इसमें हमारी पूरी भूमिका होगी।"
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि इस अभियान के बाद हम यह जोखिम नहीं ले सकते कि उस छोड़ी हुई सत्ता को कोई भी संभालने के लिए आ जाए और मादुरो के छोड़े हुए काम को आगे बढ़ाने की कोशिश करे।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




