
ट्रंप का मादुरो को माफी देने से इनकार, वेनेजुएला पर हमले की रूस-यूक्रेन से तुलना पर क्या बोले?
वेनेजुएला पर अपने हमलों का बचाव करते हुए, ट्रंप ने कहा कि मादुरो ने तस्करी गिरोह के लोगों को अमेरिका भेजा था और यह अमेरिका के लिए बड़ा खतरा था। उन्होंने कहा है कि चीन या रूस जैसे देशों में ये स्थितियां नहीं हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिका में ड्रग तस्करी सहित कई बड़े आरोप लगाते हुए उन्हें अपने देश से ही गिरफ्तार कर लिया। उनके इस कदम की आलोचना भी हुई है और उन पर एक संप्रभु देश पर जबरन कब्जा करने की कोशिश के आरोप लगे हैं। हालांकि ट्रंप अपना इरादा बदलने के मूड में नहीं लग रहे। ट्रंप ने निकोलस मादुरो को माफी देने से साफ इनकार कर दिया है। इस दौरान उन्होंने यह भी इशारा किया है कि अमेरिका वेनेजुएला में लॉन्ग टर्म लक्ष्य लेकर आया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में मादुरो और वेनेजुएला में अमेरिका की भागीदारी को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "यह तो समय ही बताएगा। मैं कहूंगा कि यह बहुत लंबे समय तक चलने वाला है।" वहीं ट्रंप ने दोहराया कि वे मादुरो को माफ नहीं करेंगे।
ट्रंप का क्या दावा?
ट्रंप ने अमेरिका की भूमिका के बारे में बात करते हुए कहा, "हम इसे बहुत फ़ायदेमंद तरीके से फिर से बनाएंगे। अमेरिका वेनेजुएला के तेल का इस्तेमाल कीमतें कम करने में मदद करने के लिए करेगा, साथ ही काराकास को वित्तीय सहायता भी देगा। ट्रंप ने कहा है कि देश की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के नेतृत्व वाली वेनेजुएला की सरकार के साथ अमेरिका सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। हालांकि ट्रंप के दावों के उलट, गुरुवार को रोड्रिग्ज ने ट्रंप को ‘लालची’ तक कह दिया है।
रूस यूक्रेन से तुलना पर क्या बोले ट्रंप?
वहीं वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की यूक्रेन पर रूस के हमले या चीन ताइवान विवाद से तुलना को ट्रंप ने खारिज कर दिया। हमलों का बचाव करते हुए, ट्रंप ने दोहराया कि मादुरो ने तस्करी गिरोह के सदस्यों को अमेरिका भेजा और यह अमेरिका के लिए खतरा था। उन्होंने कहा कि चीन या रूस जैसे देशों में ये स्थितियां नहीं हैं।
गौरतलब है कि बीते 3 जनवरी को अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में एक टारगेटेड ऑपरेशन किया। बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद, मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ले जाया गया है।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




