
मृतक ही जिम्मेदार; महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले अधिकारी के बचाव में उतरे ट्रंप
अमेरिका के मिनियोपोलिस में सरेआम एक इमिग्रेशन अधिकारी ने कार चालक महिला की हत्या कर दी। इसके बाद उठे विवाद पर टिप्पणी करते हुए ट्रंप ने कहा कि इस घटना के लिए मृतक महिला ही जिम्मेदार है। वह अधिकारी को कुचलने वाली थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने 37 वर्षीय महिला की हत्या करने वाले पुलिस अधिकारी का बचाव किया है। बुधवार को मिनियापोलिस में हुई इस घटना में इमिग्रेशन एंड कस्टमस एनफोर्समेंट के अधिकारी ने एक गाड़ी में जा रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मुद्दे पर मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि इसके लिए महिला ही जिम्मेदार थी। वह अधिकारी को कुचलने वाली थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप से जब पूछा गया कि कौन सी स्थिति में एक आम नागरिक पर गोली चलाना सही माना गया है। इस पर राष्ट्रपति ने कहा, "उसका व्यवहार बेहद खराब था। वह अधिकारी को कुचलने की कोशिश कर रही थी।" बाद में राष्ट्रपति ने घटना का वीडियो फुटेज भी मीडिया को दिखाया। हालांकि, वीडियो चलाने के पहले उन्होंने इस मामले की गंभीरता को स्वीकार किया।
उन्होंने कहा, "महिला का व्यवहार खराब था, लेकिन इन सब बातों के बावजूद मुझे ऐसा होते देखना अच्छा नहीं लगा। जो स्थिति वहां पैदा हुई वह बहुत ही ज्यादा हिंसक थी।"
बुधवार को क्या हुआ था मिनियोपोलिस में?
ट्रंप प्रशासन द्वारा अवैध अप्रवासियों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के दौरान बुधवार को इमिग्रेशन ऑफिसर ने एक कार चालक महिला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पूरे अमेरिका में इसको लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी घटनाओं में यह पांचवी मौत थी। घटना स्थल से सामने आई वीडियो में एजेंट सड़क के बीचों बीच में मौजूद कार की तरफ बढ़ते दिखते हैं। जैसे ही कार आगे बढ़ने की कोशिश करती है, एक एजेंट ड्राइवर सीट की तरफ बंदूक तान देता है और दो राउंड फायर करता है। इसके बाद कार नियंत्रण खोते हुए सड़क के किनारे खड़ी एक कार से टकरा जाती है।
ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने भी एजेंट्स का बचाव कियाष उन्होंने मृतक रेनी निकोल को एक विक्षिप्त वामपंथी करार दिया और कहा कि उसने अपनी गाड़ी से एजेंट्स को कुचलने की कोशिश की थी।
अमेरिका में हुई इस हत्या के बाद वहां पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इस घटना को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की तरफ से अलग-अलग बयान सामने आए हैं। होमलैंड सिक्योरिटी की तरफ से दावा किया गाय है कि गुड पूरे दिन से अपनी गाड़ी से अधिकारियों का पीछा कर रही थी। उसने काम में परेशानी खड़ी करने और अधिकारियों को कुचलने की कोशिश की इसकी वजह से अधिकारियों ने आत्मरक्षा के लिए हथियार का इस्तेमाल किया। वहीं, मिनियोपोलिस के सिटी काउंसिल ने कहा कि महिला को उस समय गोली मारी गई जब वह अपने पड़ोसियों की मदद कर रही थी।
मिनोसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ट ने अधिकारियों के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह इस घटना की जांच करवाएंगे।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




