होर्मुज ब्लॉक करने के बाद ट्रंप का दावा, कहा- डील करने के लिए संपर्क कर रहा ईरान
ट्रंप ने दावा किया है कि यूएस नेवी के होर्मुज पर नाकेबंदी शुरू करने के बाद ईरान अब डील करना चाहता है। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह उनकी टीम के पास ईरान से फोन आया था और तेहरान अब डील करना चाहता है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि यूएस नेवी द्वारा होर्मुज को ईरान के लिए ब्लॉक करने के बाद अब तेहारान डील करने के लिए संपर्क कर रहा है। सोमवार को ट्रंप ने कहा कि ईरान की तरफ से आज उपयुक्त लोगों द्वारा फोन आया था, अब वह एक समझौते पर काम करना चाहते हैं। बता दें, राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब इस्लामाबाद में होने वाली शांति वार्ता फेल हो चुकी है। ईरान और अमेरिका दोनों ने ही एक-दूसरे को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।
इस्लामाबाद वार्ता विफल होने के बाद ट्रंप ने यूएस नेवी को होर्मुज को ईरानी जहाजों के लिए भी ब्लॉक करने का आदेश दिया था। इसके बाद अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर नाकेबंदी शुरू कर दी है। सोमवार को वाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने होर्मुज की नाकेबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि अब ईरान की तरफ से फोन आया है। उन्होंने कहा, "अब वह एक समझौते पर काम करना चाहते हैं।"
परमाणु हथियार नहीं रखेगा ईरान: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर दावा किया कि वार्ता इसलिए विफल हुई क्योंकि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को बनाए रखना चाहता है। उन्होंने कहा, "ईरान परमाणु हथियार नहीं बना सकता। अगर वह इस पर नहीं मानते हैं, तो कोई डील नहीं होगी। उनके पास न्यूक्लियर हथियार नहीं हो सकता है। वह जो कुछ भी रखकर बैठे हैं, हम उससे वापस ले लेंगे। या तो वह इसे खुद देंगे या फिर हम छीन लेंगे।" हालांकि ट्रंप ने उम्मीद जताई कि डील हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें “पूरा विश्वास” है कि ईरान अंततः अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाएं छोड़ने के लिए सहमत होगा और दोहराया कि इसके बिना कोई समझौता नहीं होगा।
बता दें, अमेरिका की तरफ से होर्मुज की नाकेबंदी को बढ़ाने को दिए गए इस बयान के बाद वैश्विक ऊर्जा संकट का खतरा एक बार फिर से मंडराने लगा है। ट्रंप की तरफ से यह बयान सामने आने के बाद तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है। क्योंकि निवेशक आशंका जता रहे हैं कि यदि अमेरिकी नाकेबंदी से ईरानी तेल की आपूर्ति बाधित होती है तो वैश्विक बाजारों में कमी आ सकती है। हालांकि, व्यापार लागत बढ़ने के कारण कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहा।
कच्चे तेल की बढ़त सीमित रही और अमेरिकी तेल ने दिन के अधिकांश लाभ गंवा दिए, जब ट्रंप ने कहा कि ईरान ने सोमवार को समझौते के लिए संपर्क किया है। दोनों बेंचमार्क लगभग 99 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बंद हुए।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


