5000 अमेरिकी सैनिक आराम करने थाईलैंड पहुंचे, देह व्यापार वाले इलाके में जाने पर लगी रोक
अमेरिकी नौसेना का विमान वाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पूर्वी थाईलैंड के लेम चाबांग बंदरगाह पहुंच गया है। अमेरिकी सैनिक विश्राम के लिए यहां पहुंचे हैं। इसके बाद अब पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

अमेरिकी नौसेना का विमान वाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पश्चिम एशिया में अपनी लंबी तैनाती के बाद बुधवार सुबह थाईलैंड के लाम चाबांग बंदरगाह पहुंच गया। इस पर पिछले 9 महीनों से पांच हजार सैनिक तैनात हैं। यूएसएस अब्राहम लिंकन के साथ अमेरिकी नौसेना के दो और पोत भी पहुंचे हैं। अब एक रिपोर्ट के मुताबिक, यहां अमेरिकी सैनिकों के देह व्यापार से जुड़े कुछ इलाकों में जाने पर रोक लगा दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सैनिकों को बसों से करीब 96 किमी दूर पटाया ले जाया जाएगा। यहां वे पांच दिन छुट्टियां बिताएंगे। इधर, अमेरिकी सैनिकों के आने से थाईलैंड के अफसरों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने पटाया शहर में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोई 6 में जाने पर रोक पाबंदी
अमेरिकी सैनिकों को पटाया की नाइटलाइफ वाली जगहों पर जाने की अनुमति है, पर उनके सोई 6 में जाने पर रोक लगा दी गई है। सोई 6 पटाया का एक मशहूर इलाका है, जो नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। बता दें कि अब्राहम लिंकन मिडिल ईस्ट में ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों में मदद कर रहा था। इस दौरान इस पोत ने बिना तट पर रुके समुद्र में लगातार 250 से अधिक दिनों तक तैनात रहने का नया रिकॉर्ड बनाया है।
हालांकि इतने लंबे समय तक खुले समुद्र में रहने के कारण चालक दल में मानसिक तनाव और भोजन और स्वच्छता सामग्री जैसी बुनियादी वस्तुओं की किल्लत की रिपोर्टें सामने आई थीं। अगस्त के महीने में यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन को मध्य पूर्व भेजकर इस पोत को जिम्मेदारी से मुक्त किया गया था। थाईलैंड के सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह ठहराव सैनिकों को शारीरिक व मानसिक रूप से तरोताजा करने के लिए दिया गया विश्राम है। इसके बाद पोत अमेरिका स्थित अपने मुख्य सैन्य अड्डे की ओर रवाना हो जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि हजारों सैनिकों की मौजूदगी से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मछुआरों का गांव पर्यटन केंद्र बना
वियतनाम युद्ध के समय अमेरिकी सैनिकों के विश्राम स्थल के रूप में उभरा यह साधारण मछुआरों का गांव आज दुनिया का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन चुका है। पटाया के मेयर पोरामासे नगामपिचेस के अनुसार, तट पर आने वाला अमेरिकी सैनिक प्रतिदिन औसतन 1000 से 3000 थाई बाहत तक खर्च कर सकता है। यह आगमन स्थानीय सेवा, होटल और आतिथ्य क्षेत्र के लिए एक बड़ा आर्थिक सहारा साबित होगा।
उम्मीदें जगीं, लेकिन खतरा बरकरार
थाईलैंड में लगभग 5000 अमेरिकी सैनिकों की उपस्थिति ने पट्टाया शहर में एक ओर जहां व्यापारिक सुधार की उम्मीदें जगाई हैं। वहीं, दूसरी ओर यौन पर्यटन, स्वास्थ्य जोखिमों और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा कर दी हैं।


