
नवजात से 12 साल तक के बच्चे, शोषण के हजारों वीडियो; थीम जान पुलिस के होश उड़े
सेक्स क्राइम्स स्क्वॉड की डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट जेन डोहर्टी ने पत्रकारों से कहा कि हालांकि सारा बाल शोषण घृणित होता है, लेकिन इस मामले की सामग्री विशेष रूप से विनाशकारी और परेशान करने वाली है।
ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने एक खौफनाक अंतरराष्ट्रीय बाल यौन शोषण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस की सेक्स क्राइम्स स्क्वॉड ने पिछले गुरुवार को सिडनी से चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से नवजात शिशुओं से लेकर 12 साल तक के बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के हजारों वीडियो बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जानने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गुप्त विद्या और पशुता थी उनकी थीम
सेक्स क्राइम्स स्क्वॉड की डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट जेन डोहर्टी ने पत्रकारों से कहा कि हालांकि सारा बाल शोषण घृणित होता है, लेकिन इस मामले की सामग्री विशेष रूप से विनाशकारी और परेशान करने वाली है। डोहर्टी ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय समूह बच्चों पर अत्याचार और बाल शोषण की सामग्री साझा कर रहा था, जिसमें शैतानवाद, ओकल्ट प्रतीक और अनुष्ठान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों में पशुता (ह्यूमन-एनिमल सेक्सुअल एक्ट) संबंधी सामग्री रखने और फैलाने का भी आरोप है।
ये हुए हैं गिरफ्तार
- लैंडन जर्मनोटा-मिल्स (26 वर्ष)
- स्टुअर्ट वुड्स रिचेस (39 वर्ष)
- मार्क एंड्रयू सेंडेकी (42 वर्ष)
- बेंजामिन रेमंड ड्रिस्डेल (46 वर्ष)
पुलिस के अनुसार, लैंडन जर्मनोटा-मिल्स इस नेटवर्क में मुख्य भूमिका निभा रहा था। उसके खिलाफ कुल 14 अपराधों के मामले दर्ज किए गए हैं।
नवजात से 12 साल तक के बच्चों के वीडियो
आरोपियों के जब्त उपकरणों से हजारों शोषण वीडियो बरामद हुए हैं, जिनमें नवजात शिशुओं से लेकर 12 साल तक के बच्चों के साथ यौन दुर्व्यवहार दिखाया गया है। जांचकर्ता ने कहा कि इन लोगों द्वारा साझा की जा रही सामग्री और उनके चैट को देखते हुए हमें गंभीर आशंका थी कि ये लोग वास्तविक जीवन में किन-किन बच्चों तक पहुंच बना सकते हैं।
कौन बनाया वीडियो?
फिलहाल पुलिस को यह विश्वास नहीं है कि इन चारों ने ये वीडियो खुद रिकॉर्ड किए हैं। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि ये भयावह वीडियो कहां और किसने बनाए। किसी भी पीड़ित बच्चे की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पीड़ितों की पहचान, दुर्व्यवहार के स्थान और मूल अपराधियों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




