इजरायल को स्वीकार करने वाले तबाह हो जाएंगे; लश्कर के आतंकी ने पाकिस्तान को धमकाया

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सैफुल्लाह कसूरी ने अपने भाषण में सितंबर 2025 में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुए रक्षा समझौते का जिक्र करते हुए इसे इजरायल के खिलाफ एक सैन्य मोर्चे के रूप में पेश करने की कोशिश की।

इजरायल को स्वीकार करने वाले तबाह हो जाएंगे; लश्कर के आतंकी ने पाकिस्तान को धमकाया

प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के डिप्टी चीफ और अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी ने एक भड़काऊ भाषण जारी किया है। इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कसूरी ने इजरायल को मान्यता देने वाले किसी भी मुस्लिम देश या शासक को बर्बाद और तबाह होने की धमकी दी है।

भारतीय खुफिया एजेंसियों के शीर्ष सूत्रों के अनुसार कसूरी का यह बयान पाकिस्तान सरकार द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अब्राहम अकॉर्ड्स (Abraham Accords) में शामिल होने के प्रस्ताव को ठुकराने के तुरंत बाद आया है। विशेषज्ञ इसे पाकिस्तान की आधिकारिक विदेश नीति और चरमपंथियों के आपस में मेल खाने के एक खतरनाक संकेत के रूप में देख रहे हैं।

अब्राहम अकॉर्ड्स पर अमेरिका को पाकिस्तान का इनकार

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान पर इजरायल के साथ संबंधों को सामान्य करने और अब्राहम अकॉर्ड्स में शामिल होने का दबाव बनाया था। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने पारंपरिक रुख को दोहराते हुए इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। पाकिस्तान का कहना है कि जब तक एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना नहीं हो जाती वह इजरायल को मान्यता नहीं देगा। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी सार्वजनिक रूप से उन सुझावों को खारिज कर दिया था, जिसमें मुस्लिम-बहुल देशों को इस समझौते का हिस्सा बनने की बात कही जा रही थी।

पाक-सऊदी रक्षा समझौते को कसूरी ने दिया जिहादी रंग

सैफुल्लाह कसूरी ने अपने भाषण में सितंबर 2025 में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुए रक्षा समझौते का जिक्र करते हुए इसे इजरायल के खिलाफ एक सैन्य मोर्चे के रूप में पेश करने की कोशिश की। कसूरी ने दावा किया, "पहले पाकिस्तान से इजरायल की दूरी 4,000 किलोमीटर थी। लेकिन आज अपनी पूरी ताकत, तकनीक और संसाधनों के साथ पाकिस्तान दुश्मन को तबाह करने के लिए इजरायल से महज 400 किलोमीटर की दूरी पर यानी कि सऊदी अरब में मौजूद है।" उसने पाकिस्तान को मुस्लिम जगत का रक्षक और सऊदी अरब को आध्यात्मिक और वैचारिक नेता घोषित किया।

भारतीय खुफिया एजेंसियों की चेतावनी

शीर्ष भारतीय खुफिया अधिकारियों ने कसूरी के दावों को पूरी तरह भ्रामक और जिहादी विचारधारा को बढ़ावा देने का एक हथकंडा बताया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सितंबर 2025 में हुआ पाक-सऊदी समझौता मुख्य रूप से पारस्परिक सुरक्षा, खुफिया जानकारी साझा करने और आतंकवाद विरोधी सहयोग के लिए है। खुफिया सूत्रों का कहना है, "यह समझौता व्यापक सुरक्षा सहयोग पर केंद्रित है, न कि इजरायल से 400 किलोमीटर दूर किसी आक्रामक सैन्य तैनाती के लिए।"

कौन है कासुरी?

सैफुल्लाह कसूरी उर्फ खालिद भारत की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पर्यटकों पर हुए अंधाधुंध हमले के पीछे इसी का हाथ था। उस नरसंहार में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी, जिसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर पहुंच गया था।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।