यही मैं भारत के साथ कर रहा हूं…अमेरिका से तनातनी के बीच अब क्या बोले बेंजामिन नेतन्याहू

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार सार्वजनिक रूप से नेतन्याहू के लिए अड़ियल जैसे शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। वहीं इजरायल ने ईरान के साथ हुए समझौते पर खुलकर नाराजगी जताई थी। अब भारत को लेकर क्या बोले नेतन्याहू?

Benjamin Netanyahu

अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक अहम बयान दिया है। नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश अब अमेरिका के अलावा दुनिया की अन्य महाशक्तियों के साथ नए रणनीतिक गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहा है और इसके लिए उन्होंने भारत का उदाहरण दिया है। बता दें कि बीते दिनों अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच तल्खी पैदा हो गई थी। अब नेतन्याहू ने इस मामले पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी जवाब दिया है।

फर्स्टपोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली प्रधानमंत्री ने यह बातें एक हालिया इंटरव्यू में कही हैं। इजरायल के एक दक्षिणपंथी पत्रकार शेरोन गैल के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भारत का जिक्र किया। इजरायली पीएम ने कहा, “आपको नए गठबंधन बनाने होंगे और नए रिश्ते बनाने होंगे। यही काम मैं इस समय भारत के साथ कर रहा हूं।”

नेतन्याहू ने इस दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के तंज का भी जवाब दिया। दरअसल बीते दिनों इजरायल द्वारा अमेरिका-ईरान शांति समझौते की आलोचना किए जाने पर वेंस ने इजरायल पर तीखा तंज कसा था। वेंस ने इजरायल को नसीहत देते हुए कहा था कि इजरायली सरकार को दुनिया में अपने इकलौते बचे शक्तिशाली सहयोगी (अमेरिका) के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए। वेंस के इस बयान पर पलटवार करते हुए नेतन्याहू ने कहा, "हमारे पास कुछ अन्य दोस्त भी हैं, जैसे कि एक छोटा सा देश है जिसे 'भारत' कहते हैं। इसके पास 1.4 अरब लोग हैं, और भाई! वहां हमें जबरदस्त समर्थन हासिल है।”

क्यों आई इजरायल-अमेरिका के रिश्तों में खटास?

बीते फरवरी महीने में ईरान और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग दरअसल इजरायल की भी जंग थी। इजरायल अमेरिका के साथ मिलकर ईरान को घुटने टेकने पर मजबूर करना चाहता था। लेकिन 4 महीने की तबाही के बाद भी जब ईरान में ना तो सत्ता परिवर्तन हुआ, ना ही ईरान ने हार मानी, तब अमेरिका का धैर्य जवाब दे गया। अमेरिका ने ईरान संग समझौता कर जंग रोकने का फैसला कर लिया। यह बात इजरायल को पूरी तरह नागवार गुजरी। इजरायल ईरान को पूरी तरह तबाह किए बिना रुकना नहीं चाहता था। लेकिन अमेरिका के शांति समझौते से ईरान को एक बार फिर संभलने का मौका मिल गया। ऐसे में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके कई साथियों ने खुलकर इस समझौते की निंदा की। फिर क्या था। ट्रंप का भी पारा चढ़ा और खुलेआम नेतन्याहू को अड़ियल तक कहने लगे।

ट्रंप और नेतन्याहू के बीच गाली-गलौज?

डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के निजी रिश्तों में भी दरार आई है। हाल ही में एक किताब में इसका खुलासा हुआ है। मैगी हैबरमैन और जोनाथन स्वान की नई किताब 'रिजीम चेंज: इनसाइड द इम्पीरियल प्रेसीडेंसी ऑफ डोनाल्ड ट्रंप' में दोनों नेताओं की एक फोन कॉल का सनसनीखेज खुलासा किया गया है। इसके मुताबिक जब इजरायल और हमास के बीच शांति समझौते पर चर्चा हो रही थी, तो राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन पर नेतन्याहू के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। ट्रंप ने बेहद गुस्से में नेतन्याहू से कहा था, "मैंने तुम्हारे लिए सब कुछ किया है। बेहतर होगा कि तुम इस समझौते के साथ आगे बढ़ो। यह बहुत लंबे समय से चल रहा है। बीबी, हर कोई तुमसे तंग आ चुका है।,”

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़यही मैं भारत के साथ कर रहा हूं…अमेरिका से तनातनी के बीच अब क्या बोले नेतन्याहू