
पाकिस्तान जाने से पहले दो बार सोचें, किडनैपिंग हो सकती है; अमेरिका की अपने नागरिकों को सलाह
रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादी संगठन और आपराधिक गिरोह फिरौती या राजनीतिक उद्देश्यों के लिए पश्चिमी देशों के नागरिकों, एनजीओ कर्मचारियों और सरकारी अधिकारियों का अपहरण कर सकते हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने पाकिस्तान की यात्रा करने की योजना बना रहे अपने नागरिकों के लिए एक सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए, अमेरिका ने पाकिस्तान को 'लेवल 3: रीकन्सिडर ट्रैवल' की श्रेणी में रखा है। इस नई एडवाइजरी में विशेष रूप से आतंकवाद और अपहरण के खतरे को प्रमुख कारण बताया गया है। लेवल-3 श्रेणी उच्च जोखिम को दर्शाती है, जहां बिना चेतावनी आतंकी हमले हो सकते हैं। स्टेट डिपार्टमेंट के अनुसार संभावित लक्ष्यों में परिवहन केंद्र, होटल, बाजार, शॉपिंग मॉल, सैन्य और सुरक्षा ठिकाने, हवाई अड्डे, ट्रेनें, स्कूल, अस्पताल, पूजा स्थल, पर्यटन स्थल और सरकारी भवन शामिल हैं।
अमेरिकी सरकार ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान में सुरक्षा की स्थिति अस्थिर है। अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजनाएं बनाने से पहले दो बार सोचें फिर विचार करें। एडवाइजरी में कहा गया है कि आतंकवादी समूह बिना किसी पूर्व चेतावनी के हमला कर सकते हैं और अपहरण की घटनाएं भी हो सकती हैं।
इन इलाकों में "बिल्कुल न जाएं
अमेरिका ने पाकिस्तान के कुछ हिस्सों को सबसे खतरनाक मानते हुए वहां यात्रा न करने की सख्त हिदायत दी है। इन क्षेत्रों को लेवल 4 में रखा गया है-
बलूचिस्तान प्रांत: यहा सक्रिय आतंकी और उग्रवादी गुटों के कारण खतरा बहुत अधिक है।
खैबर पख्तूनख्वा (KPK) प्रांत: इसमें पूर्ववर्ती FATA (संघीय प्रशासित जनजातीय क्षेत्र) भी शामिल है। यहां अक्सर सुरक्षा बलों और नागरिकों को निशाना बनाया जाता है।
लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC): भारत-पाकिस्तान सीमा के पास के इलाके, जहां सैन्य संघर्ष और गोलाबारी की संभावना बनी रहती है।
किडनैपिंग (अपहरण) का नया संकेत
ताजा अपडेट में अमेरिका ने पाकिस्तान के लिए K इंडिकेटर यानी किडनैपिंग का विशेष खतरा जोड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादी संगठन और आपराधिक गिरोह फिरौती या राजनीतिक उद्देश्यों के लिए पश्चिमी देशों के नागरिकों, एनजीओ कर्मचारियों और सरकारी अधिकारियों का अपहरण कर सकते हैं।
जो अमेरिकी नागरिक इसके बावजूद पाकिस्तान की यात्रा कर रहे हैं, उन्हें कई सावधानियां बरतने को कहा गया है:
- भीड़भाड़ वाली जगहों और प्रदर्शनों से दूर रहें।
- अपनी यात्रा के मार्गों और समय में बदलाव करते रहें ताकि कोई पैटर्न न बने।
- स्थानीय मीडिया और खबरों पर नजर रखें।
- महंगी घड़ियां या ज्वैलरी पहनकर बाहर न निकलें।STEP (स्मार्ट ट्रैवलर नामांकन कार्यक्रम) में अपना पंजीकरण कराएं ताकि आपात स्थिति में दूतावास उनसे संपर्क कर सके।
यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी गतिविधियों में तेजी देखी गई है। स्टेट डिपार्टमेंट ने यह भी कहा कि स्थानीय कानून बिना अनुमति प्रदर्शन पर रोक लगाते हैं और ऐसे प्रदर्शनों में भाग लेने पर अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। विभाग ने आगाह किया कि लेवल-3 यात्रा चेतावनी सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम को दर्शाती है, जबकि लेवल-4 सभी प्रकार की यात्रा से परहेज की सख्त सलाह देता है।

लेखक के बारे में
Amit Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




