खत्म हुआ 17 साल का इंतजार, बांग्लादेश लौटे तारिक रहमान; खतरे में मोहम्मद यूनुस की गद्दी?
तारिक रहमान बुधवार रात करीब 9:30 बजे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान यूके बीएनपी के नेता और कार्यकर्ता उन्हें विदा करने के लिए मौजूद रहे। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विमान ने रात 12:30 बजे ढाका के लिए उड़ान भरी।

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान आज 17 वर्षों के लंबे निर्वासन के बाद लंदन से ढाका लौट चुके हैं। बांग्लादेश एयरलाइंस की विमान से वह सिलहट के उस्मानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होते हुए ढाका लौटे। विमान सुबह करीब 9:58 बजे ढाका पहुंचा, जबकि हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इसके 11:50 बजे उतरने का कार्यक्रम है। तारिक रहमान की वापसी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उनके आवागमन के लिए एक बुलेटप्रूफ वाहन पहले ही हवाई अड्डे पर पहुंचा दिया गया था, जो सुबह करीब 7:15 बजे वहां पहुंचा। इसी वाहन से वे हवाई अड्डे से विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने जाएंगे।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAB) ने सुरक्षा कारणों से हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाम 6 बजे तक आगंतुकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जबकि SWAT टीमें भी अलर्ट पर रखी गई हैं।
कौन हैं तारिक रहमान?
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान आगामी फरवरी में होने वाले आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार के रूप में उभरे हैं। बीएनपी के प्रवक्ता रुहुल कबीर रिज़वी ने जिया के बड़े बेटे रहमान की वापसी का जिक्र करते हुए कहा, "यह एक निर्णायक राजनीतिक क्षण होगा।" उनके पिता ज़ियाउर रहमान सैन्य शासक से नेता बने थे। जियाउर ने बीएनपी की स्थापना की। वह 1977 से 1981 तक राष्ट्रपति थे, जब उनकी हत्या कर दी गई थी।
तारिक रहमान बुधवार रात करीब 9:30 बजे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान यूके बीएनपी के नेता और कार्यकर्ता उन्हें विदा करने के लिए मौजूद रहे। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विमान ने रात 12:30 बजे ढाका के लिए उड़ान भरी। वे इस यात्रा में अपनी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी बैरेस्टर जाइमा रहमान के साथ हैं। पार्टी के करीब 50 नेता और कार्यकर्ता भी इसी उड़ान से बांग्लादेश लौट रहे हैं।
बीएनपी सूत्रों के अनुसार, ढाका पहुंचने के बाद तारिक रहमान कुछ समय के लिए एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज ‘राजनिगंधा’ में रुकेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से कुरिल होते हुए 300 फीट क्षेत्र में बनाए गए स्वागत स्थल पर जाएंगे, जहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर करीब 3:40 बजे तक वहां मौजूद रहेंगे। इसके बाद वे बाशुंधरा जी ब्लॉक गेट के रास्ते एवरकेयर अस्पताल पहुंचेंगे, जहां वे अपनी अस्वस्थ मां और बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया के साथ लगभग एक घंटे बिताएंगे। शाम को वे अपने गुलशन स्थित आवास लौट जाएंगे।
तारिक रहमान के स्वागत में जुलाई 36 एक्सप्रेसवे पर तड़के से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ठंडे मौसम की परवाह किए बिना हजारों समर्थकों ने रात वहीं बिताई, ताकि अपने नेता की एक झलक पा सकें। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, देश के विभिन्न हिस्सों से बस, ट्रेन और नावों के जरिए समर्थक पहुंचते रहे, जिससे एक्सप्रेसवे पूरी तरह भर गया। आसपास के इलाकों से भी बीएनपी नेता और कार्यकर्ता जुलूसों के रूप में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।

लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




