बोंडी बीच शूटिंग के हीरो पर पैसों की बरसात, अहमद-अल-अहमद को मिला करोड़ों का डोनेशन
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने बताया कि यह हमला 50 वर्षीय पिता और उसके 24 वर्षीय बेटे ने रविवार दोपहर यहूदी उत्सव के दौरान किया। इस घटना में 15 लोग मारे गए, जिसे अधिकारियों ने तीन दशकों में सबसे बड़ी गोलीबारी करार दिया है।
सिडनी के बोंडी बीच पर गोलीबारी में हमलावर से बंदूक छीनने वाले हीरो अहमद-अल-अहमद के लिए ऑस्ट्रेलिया भर से दान की बाढ़ आ गई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, डोनेशन की राशि अब 11 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 6.74 करोड़ रुपये) से पार कर चुकी है। 43 वर्षीय मुस्लिम पिता अभी अस्पताल में भर्ती हैं और गोलियों के घावों के ऑपरेशन के बाद ठीक हो रहे हैं। उन्होंने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के पीछे छिपने के बाद एक हमलावर पर हमला किया, उसकी राइफल छीन ली और उसे जमीन पर पटक दिया। इस बहादुरी भरे कदम ने कई लोगों की जानें बचाईं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने बताया कि यह हमला 50 वर्षीय पिता और उसके 24 वर्षीय बेटे ने रविवार दोपहर यहूदी उत्सव के दौरान किया। इस घटना में 15 लोग मारे गए, जिसे अधिकारियों ने देश की आखिरी तीन दशकों में सबसे बड़ी सामूहिक गोलीबारी करार दिया है। अहमद के समर्थन में शुरू की गई कैंपेन से एक ही दिन में 11 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से अधिक जुटा लिए गए। सबसे बड़ा दान अरबपति हेज फंड मैनेजर बिल एकमैन ने किया जिन्होंने 99,999 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर दिए और इसे अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया। फिलहाल सेंट जॉर्ज अस्पताल के बाहर लोग जमा होकर उनका समर्थन जता रहे हैं।
अभी और ज्यादा फंड जुटाने की कोशिश
43 वर्षीय योम्ना टौनी ने अस्पताल के बाहर मुस्लिम चैरिटी की ओर से मदद की पेशकश की और अहमद की जल्दी ठीक होने के लिए फंड जुटाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, 'हमारा उद्देश्य उनकी तेजी से रिकवरी के लिए जितना संभव हो उतना पैसा जुटाना है।' प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने अहमद की तारीफ की और कहा कि उनकी बहादुरी ने कई जिंदगियां बचाईं। एबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'पिछले 24 घंटों में हमने इंसानियत का सबसे बुरा रूप आतंकी हमले में देखा, लेकिन अहमद-अल-अहमद का खतरे की ओर दौड़ना और अपनी जान जोखिम में डालना इंसानियत का सबसे अच्छा उदाहरण है।'

लेखक के बारे में
Niteesh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




