ईरान में किस बात पर हड़कंप? मौत की अटकलों के बीच पेजेशकियन से मिले मोजतबा खामेनेई

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की मौत की खबरों ने एक बार हलचल मचा दी थी। हालांकि एक वीडियो में उन्हें सही सलामत दिखाया गया था। अब खबर है कि उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात की है।

Mojtaba Khamenei
पेजेशकियन से मिले खामेनेई

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की तबीयत बेहद नाजुक होने और यहां तक कि उनकी मौत के दावों के बीच तेहरान के सत्ता गलियारों से बड़ी खबर सामने आ रही है। तमाम अफवाहों को खारिज करने की कोशिश में अब ईरानी मीडिया के हवाले से खबर है कि मोजतबा खामेनेई ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ एक इमरजेंसी मीटिंग की है। बता दें कि इससे पहले इजरायली मीडिया ने मोजतबा की मौत का दावा किया था। हालांकि अब ईरान इन खबरों को झूठ साबित करने की कोशिश में जुटा है।

ईरान के सरकारी मीडिया और मोजतबा खामेनेई के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ हुई इस बैठक में कई बड़े मुद्दों पर सीधी बात हुई। इस दौरान अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों का मुकाबला करने के लिए ईरानी सेना की मौजूदा स्थिति और भविष्य की रणनीतियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा युद्ध के चलते ईरान की बदतर होती आर्थिक स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक मीटिंग में ईरानी जनता की बुनियादी जरूरतों, खाने-पीने की चीजों की सप्लाई और दैनिक आजीविका को सुरक्षित करने पर जोर दिया गया।

पिता की मौत के बाद से नहीं दिखे मोजतबा

गौरतलब है कि बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। अपने पिता के निधन के बाद मोजतबा खामेनेई ने यह जिम्मेदारी संभाली। हालांकि सुप्रीम लीडर बनने के बाद वे कभी सामने नहीं आए हैं।उन्होंने कई मौकों पर लिखित बयान तो जारी किए हैं लेकिन सार्वजनिक रूप से कभी देखे नहीं गए। यहां तक कि मोजतबा बीते महीने अपने पिता के जनाजे में भी शामिल नहीं हुए।

मौत की खबरें

पर्दे के पीछे रहने की वजह से मोजतबा खामेनेई को लेकर कई तरह की अटकलें लगती रही हैं। खबर थी कि जिस हमले में अली खामेनेई मारे गए, उसमें मोजतबा भी बुरी तरह जख्मी हो गए। कभी उनका चेहरा जलने और प्लास्टिक सर्जरी कराने जैसी खबरें सामने आईं तो कभी एक पैर कटने और प्रोस्थेटिक पैर लगवाने की। अब बीते सप्ताह इजरायली मीडिया ने बताया कि मोजतबा की हालत या तो बेहद नाजुक है या उनकी मौत हो गई है। हालांकि ईरान के हवाले से तुरंत मोजतबा का एक सर्कुलेट होने लगा जिसमें मोजतबा खामेनेई सही सलामत दिख रहे थे। अब मसूद पेजेशकियन संग मुलाकात की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि इससे पहले दोनों के बीच अनबन की भी चर्चा थी।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़ईरान में किस बात पर हड़कंप? मौत की अटकलों के बीच पेजेशकियन से मिले खामेनेई