चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग 11 साल बाद अमेरिका पहुंचेंगे

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका के वाशिंगटन के लिए रवाना हो गए हैं। वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनकी यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात होने की उम्मीद है, जिसमें टैरिफ, तकनीक, और ताइवान शामिल हैं।

चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग 11 साल बाद अमेरिका पहुंचेंगे

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बुधवार को अमेरिका के वाशिंगटन के लिए रवाना हो गए। वह छह महीने से भी कम समय में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दूसरी शिखर वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर चर्चा होने की उम्मीद है। ट्रंप ने इस साल मई में चीन की अपनी यात्रा के दौरान शी जिनपिंग को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था। जिनपिंग 11 साल के बाद अमेरिका पहुंचेंगे। इससे पहले वह 2015 में वाशिंगटन गए थे.

ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर होगा स्वागत

इस तीन दिवसीय यात्रा के लिए शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन वाशिंगटन के ठीक बाहर स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। ट्रंप वहां एक दुर्लभ और विशेष स्वागत समारोह करने वाले हैं और वह खुद रनवे पर जाकर उनका स्वागत कर सकते हैं। चीनी विदेश मंत्रालय ने छह महीने के भीतर शी जिनपिंग और ट्रंप की दूसरी मुलाकात को ऐतिहासिक महत्व वाला मील का पत्थर बताया था.

ट्रंप और जिनपिंग के बीच इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

- टैरिफ

- तकनीक

- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)

- अमेरिका-चीन सैन्य संबंध

- मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष

- रूस-यूक्रेन युद्ध

- अंतरिक्ष में हथियारों की होड़

- ताइवान को अमेरिका द्वारा हथियारों की बिक्री

एआई और व्यापार को लेकर पहले ही बातचीत

शी जिनपिंग की यात्रा से पहले चीन के उपप्रधानमंत्री हे लिफेंग, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीयर ने आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों पर व्यापक बातचीत की। इसमें एआई का मुद्दा भी शामिल था.

एआई से जुड़े नए अमेरिकी प्रस्ताव पर चर्चा

रविवार को न्यूयॉर्क में हे लिफेंग के साथ बातचीत के दौरान अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि अमेरिका ने एआई से जुड़ी ऐसी घटनाओं के लिए एक नई सूचना प्रणाली बनाने का प्रस्ताव रखा है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित कर सकती हैं.

रूस और ईरान पर प्रतिबंधों के बीच हो रही बैठक

शी जिनपिंग और ट्रंप की बैठक ऐसे समय हो रही है जब ट्रंप ने हाल ही में लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026 पर हस्ताक्षर किए थे। इस कानून के तहत ट्रंप को रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस खरीदने वाले शीर्ष पांच देशों पर 100 प्रतिशत तक भारी टैरिफ लगाने का अधिकार दिया गया। इनमें चीन और भारत भी शामिल हैं.

अंतरिक्ष में हथियारों को लेकर भी तनाव

पिछले सप्ताह अमेरिका ने अंतरिक्ष में पृथ्वी की कक्षा में एक अंतरिक्ष हथियार की तैनाती की पुष्टि की थी। अमेरिका ने पहली बार इस तरह की आक्रामक क्षमता होने की बात स्वीकार की। इसके बाद रूस और चीन ने इसका विराध किया था.

चीन ने रूस से तेल खरीद पर अमेरिकी दबाव का विरोध किया

चीन ने रूस से तेल और गैस खरीदने पर अमेरिका की ओर से लगाए जा रहे टैरिफ के प्रयासों को खारिज किया। चीन का कहना था कि देशों के बीच सामान्य व्यापारिक सहयोग में किसी तीसरे देश को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए.

ट्रंप चाहते हैं कि शी, पुतिन पर दबाव डालें

ट्रंप शी जिनपिंग से यह भी आग्रह कर सकते हैं कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन में युद्ध रोकने के लिए राजी करें। इसके पीछे एक वजह यह है कि चीन और रूस के बीच करीबी संबंध हैं.

ताइवान की इस मुलाकात पर नजर

दूसरी ओर, शी जिनपिंग से उम्मीद है कि वह ट्रंप से ताइवान को अमेरिका द्वारा 11 अरब अमेरिकी डॉलर के हथियारों की बिक्री आगे न बढ़ाने का आग्रह करेंगे। यह ताइवान को अमेरिका की ओर से दिया जाने वाला सबसे बड़ा सैन्य पैकेज होगा। वहीं, ताइवान की भी इस मुलाकात पर नजर है.

शी जिनपिंग के साथ कौन-कौन गया

चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, शी जिनपिंग के साथ उनकी पत्नी पेंग लियुआन, चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और केंद्रीय समिति के सामान्य कार्यालय के निदेशक काई छी तथा केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी भी गए हैं.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा कब हो रही है?−
शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा बुधवार को हो रही है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग 11 साल बाद अमेरिका पहुंचेंगे